logo

तेजी से तट की तरफ बढ़ रहा है चक्रवाती तूफान 'तोकते', NDRF की 100 टीमें तैनात

तेजी से तट की तरफ बढ़ रहा है चक्रवाती तूफान 'तोकते', NDRF की 100 टीमें तैनात
द फॉलोअप टीम, डेस्क
समुद्री तूफान तोकते धीरे-धीरे तटवर्ती इलाकों की तरफ बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि तोकते पूर्वी मध्य अरब सागर से 13 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिमी तट की तरफ बढ़ रहा है। फिलहाल गोवा से इसकी दूरी 190 किमी है वहीं दक्षिण मुंबई से 550 किमी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 12 घंटे में तोकते पूरी तरह से चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जायेगा। 

18 मई को गुजरात पहुंचेगा चक्रवाती तूफान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने जानकारी दी कि चक्रवाती तूफान तोकते 18 मई की सुबह गुजरात से टकरायेगा। काफी तेज हवाएं चलेंगी और मूसलाधार बारिश होगी। गोवा में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गयी है। समुद्र में छोटी लेकिन तेज लहरें उठने लगी है। मडगांव के पास नेत्रावती एक्सप्रेस में पेड़ गिर गया। थिविम से मडगांव के बीच रेल सेवा बाधित हो गयी। महाराष्ट्र में भी चक्रवाती तूफान तोकते का खतरा मंडराता जा रहा है। यहां एक कोविड हॉस्पिटल को 580 मरीजों को किसी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। हालात पर निगरानी रखी जा रही है। 

तटवर्ती इलाकों को खाली करा लिया गया है
गोवा, केरल और कोंकण के तटवर्ती इलाकों को खाली करा लिया गया है। गुजरात के भी तटवर्ती इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से कहा गया है कि वे समुद्र के आसपास ना जायें। कई इलाकों में लोगों को घरों से निकलने से मना किया गया है। एहतियातन तटवर्ती इलाकों में लाइफ गार्ड की तैनाती की गयी है। पहले एनडीआरएफ की 53 टीमें तैनात की गयी थी। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 100 की गयी हैं। भारतीय वायु सेना भी किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। वायुसेना ने अपने 16 मालवाहक विमान और 18 हेलिकॉप्टरों की तैनाती प्रायद्वीप में की है ताकि मुश्किल ना आये। 

तेज हवा के साथ होगी मूसलाधार बारिश
तोकते तूफान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभावित प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की। तमाम केंद्रीय एजेंसियों को सतर्क करने के लिए कहा गया है। जानकारी के मुताबिक तोकते चक्रवाती तूफान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, कोंकण, गोवा, लक्षद्वीप और गुजरात में अच्छा-खासा असर डालेगा। हवा की रफ्तार काफी तेज होगी और मूसलाधार बारिश भी होगी।