logo

भारत बंद: अधिकांश राज्यों में दिखा प्रभाव, पंजाब में रेल परिचालन ठप, दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर भीषण जाम

13248news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार द्वारा पारित 3 कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद का व्यापक असर देश के अलग-अलग राज्यों में दिखा। गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ नवंबर 2020 से ही आंदोलनरत किसान संगठनों ने 27 सितंबर को भारत बंद बुलाया है। दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पंजाब, केरल और हरियाणा में भारत बंद का असर दिखा। सोशल मीडिया में भारत बंद से संबंधित तस्वीरें दिख रही हैं। कुछ जगहों पर पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच हल्की-फुल्की झड़प भी दिखी। कुछ इलाकों में भारत बंद का उतना असर नहीं दिखा। 

तमिलनाडु में दिखा भारत बंद का ब़ड़ा असर
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में भी किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का असर दिखा। चेन्नई के अन्ना सलाई इलाके में आंदोलनकारियों ने केंद्र द्वारा पारित 3 कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी कर रहे थे। चेन्नई के अन्ना सलाई में प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेट्स तोड़ दिए जिसकी वजह से पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया। मौके पर माकपा के राज्य सचिव के बालकृष्णन ने कहा कि किसान लगातार विरोध कर रहे हैं और मोदी सरकार कानूनों को वापस लेने से इंकार कर रही है। उन्होंने कहा कि संघर्ष जारी रहेगा। 

तिरुवनंतपुरम में कई दुकानों पर दिखा ताला
केरल में भी किसान संगठनों द्वारा बुलाए गये भारत बंद का असर दिखा। तिरुवंनंतपुरम में दुकानें बंद थीं। यहां एलडीएफ और यूडीएफ से जुड़ी ट्रेड यूनियन्स ने 3 कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का आह्वान किया था। थांपनूर और पूर्वी किला इलाके में भी बंद का असर दिखा। दुकानें बंद थी। सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखी। किसान संगठन से जुड़े कार्यकर्ता लोगों से बंद में सहयोग करने की अपील करते दिखे। इस दौरान वाम मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्ती ले रखी थी जिसमें कृषि कानून वापस लेने की मांग की गई थी। 

दिल्ली-अंबाला-फिरोजपुर में रेल परिचालन ठप
उत्तरी रेलवे ने जानकारी दी है कि दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर मंडल में रेल परिचालन प्रभावित क्योंकि लोग रेल की पटरियों पर बैठ गए हैं। बताया गया कि दिल्ली संभाग में 20 से ज्यादा स्थानों पर पटरियां जाम कर दी गई हैं। अंबाला और फिरोजपुर मंडल में तकरीबन 25 ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है। पंजाब में भी तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान भारत बंद के मौके पर कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने अमृतसर के देवीदासपुरा गांव में रेलवे ट्रैक पर ही धरना दिया। इस वजह से उस रूट में ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है। 

दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर लगा भीषण जाम
दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर भीषण जाम दिखा। राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने की कोशिशों में लगे वाहन दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर फंस गए हैं। दरअसल, यहां पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के सिलसिले में तलाशी और जांच अभियान चला रहे हैं। इस वजह से सीमा पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गाड़ियां रेंग-रेंग कर सड़क पर सरकती दिखीं। यही हाल अन्य इलाकों का भी था। 

आंध्र प्रदेश में वाम दलों ने किया विरोध प्रदर्शन
आंध्र प्रदेश में भी कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गये भारत बंद का असर दिखा। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा बस स्टेशन के सामने वाम दलों ने प्रदर्शन किया। सीपीआई (एम) के राज्य सचिव पी मधु ने कहा कि ये केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ एक राष्ट्रीय विरोध है। किसान कृषि कानूनों के खिलाफ बीते 10 महीने से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार नहीं सुन रही।