logo

झारखंड में अब नगर निकायों में मेयर और अध्यक्ष का चुनाव दलगत आधार पर नहीं होगा

झारखंड में अब नगर निकायों में मेयर और अध्यक्ष का चुनाव दलगत आधार पर नहीं होगा

द फॉलोअप टीम, रांची:

झारखंड में अब तक नगर निकायों में मेयर, डिप्टी मेयर, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में राजनीतिक दलों की रुचि रहती रही है। क्योंकि इनका चुनाव पार्टीगत आधार पर होता रहा है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब नगर निकायों में मेयर और अध्यक्ष का चुनाव दलगत आधार पर नहीं कराया जाएगा। इसके अलावा डिप्टी मेयर और उपाध्यक्ष का चुनाव निर्वाचित पार्षद बहुमत के आधार पर करेंगे। दरअसल इस संबंध में आज हुई कैबिनेट की बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के झारखंड नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2021 से संबंधित प्रस्ताव मंजूरी दे दी गई है।

रांची मेयर - खरीद-परोख्त होने की आशंका

इधर, रांची की मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने सरकार के इस निर्णय का विरोध किया है। उन्‍होंने आरोप लगाया है कि राज्य के शहरी निकायों में भाजपा का दबदबा देख हेमंत सरकार घबरा गई है। इसी कारण राज्य सरकार ने संबंधित नगर निकायों में दलगत आधारित चुनाव नहीं कराने का निर्णय लिया है। सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि नगर निकायों में डिप्टी मेयर का चयन भी चयनित पार्षदों के माध्यम से ही कराया जाएगा। यदि चयनित पार्षदों के माध्यम से डिप्टी  मेयर का चयन किया गया तो इस प्रक्रिया में पार्षदों की खरीद-परोख्त होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भाजपा के बढ़ते जनाधार से भयभीत है। उन्हें डर है कि दलगत आधार पर संबंधित नगर निकायों में चुनाव कराए गए तो भाजपा को बढ़त मिलेगी।