logo

Euro Cup Final 2021: रोम या लंदन कहां होगी आतिशबाजी! इटली और इंग्लैंड के बीच यूरो कप का खिताबी मुकाबला आज

10720news.jpg
द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

आज रात यूरो कप फुटबॉल टूर्नामेटं का फाइनल खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड और इटली की टीमें आमने सामने होंगी। करीब 29 दिन तक ये टूर्नामेंट चला। कुल 46 मुकाबले खेले गए। आखिरकार आज रात पता चल जाएगा कि यूरो कप का नया सरताज कौन होगा। लंदन के वेम्बली मैदान में फाइनल मुकाबला होगा। इंग्लैंड इस फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब के अपने 55 साल के सूखे को खत्म करना चाहेगा वहीं इटली भी पूरे दमखम से उतरेगा। 


आसमान छू रही है टिकट की कीमत
गौरतलब है कि इस मैच के लिए कुल 83 हजार दर्शकों ने टिकट खरीदा है। फाइनल मैच के टिकटों के दाम आसमान छू रहे हैं। हालात ये थे कि ब्लैक में भी टिकटें बिकी हैं। बता दें कि एक सीट की कीमत तकरीबन 56 लाख रुपये है। ऑफिशियल साइट पर टिकट की कीमत महज 83 हजार रुपये बताई जा रही थी। कहा जा रहा है कि लगभग 90 हजार दर्शक इंग्लैंड और इटली के बीच ये मुकाबला देखने वेम्बली पहुंचेंगे। संक्रमण का खतरा बरकरार है। 



60 साल में पहली बार फाइनल में इंग्लैंड
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यूरो कप के 60 साल के इतिहास में इंग्लैंड पहली बार फाइनल में पहुंचा है। इससे पहले उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1968 में था। तब टीम तीसरे स्थान पर रही थी। इंग्लैंड 1996 के बाद किसी बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। फैंस को उम्मीद है कि उनकी टीम इस बार खिताब जीतेगी। इटली की फुटबॉल टीम साल 1968 में यूरो कप जीत चुकी है। टीम 2002 और 2012 में टूर्नामेंट की रनर अप रही थी। गौरतलब है कि इंग्लैंड ने सेमीफाइनल मुकाबले में डेनमार्क को हराया था। टीम शुरुआत से ही अच्छे फॉर्म में रही है।
 


अर्जेंटीना ने जीता कोपा अमेरिका कप
बता दें कि शनिवार को एक और बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट कोपा अमेरिका का खिताब अर्जेंटीना ने जीत लिया। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने देश के लिए पहली बार कोई अंतर्राष्ट्रीय खिताब जीता। इससे पहले उनके हाथ से 2014 का फीफा वर्ल्ड कप और एक बार कोपा अमेरिका का खिताब फिसल चुका था। अब देखना होगा कि लंदन या रोम, कहां पर जश्न मनता है और कहां लोग आंसुओं में डूब जाते हैं। कौन होता है यूरो कप का विजेता।