logo

सीएम की बहन की शादी में पहुंचे राज्यपाल, वर-वधु को दी शुभकामनाएं 

15573news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

सूबे के राज्यपाल रमेश बैस  आज सड़क मार्ग से रामगढ़ के गोला प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र नेमरा पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की बहन आशा सोरेन के वैवाहिक समारोह में भाग लिये। वर-वधु को सुखद दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी। झारखण्ड के इतिहास में ऐसा प्रथम बार है जब किसी राज्यपाल ने इतने सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के विवाह समारोह में सम्मिलित होकर अपना आशीर्वाद प्रदान किया है। राज्यपाल मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन, माता रूपी सोरेन, उनके पिता व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, उनके बच्चों, रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों से भी मिले। उनसे हाल-चाल जाना।

 

मौके पर राज्यपाल को सीएम ने अपने गॉंव के बारे में बताया। वहाँ बिताये हुए बचपन के दिनों को साझा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पिता श्री शिबू सोरेन का संघर्ष उन दिनों वहाँ से शुरू हुआ जब वहाँ सड़कें नहीं थीं, केवल जंगल ही थे, बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव था। मुख्यमंत्री ने आसपास के पहाड़ियों एवं ग्रामों के बारे में अवगत कराया।

 

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से कहा कि वह भी एक किसान होने के नाते अपना अधिकांश समय गाँव में व्यतीत करते हैं जहाँ उनका खेत है। राज्यपाल को देखकर ग्रामवासी बहुत उत्साहित थे, विशेषकर ग्रामीण महिलाएं एवं बच्चे उनसे मिलकर बहुत खुश थे। राज्यपाल ने ग्रामीणों से व्यापक संवाद स्थापित किया। राज्यपाल को ग्रामीण अपने मध्य सहज भाव से "जनता के राज्यपाल" के रूप में मौजूदगी प्राप्त करने पर अत्यन्त ही प्रसन्न थे। उन्होंने विभिन्न मानसिक व मनोवैज्ञानिक धारणाओं के विपरीत आम आदमी की भाँति ग्रामीणों के मध्य समय व्यतीत किया तथा उनके गाँव की सौंदर्यता की सराहना की।