logo

आंधी-बारिश के बीच घर में गिरी बिजली, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत

8090news.jpg
द फॉलोअप टीम, गिरिडीह:
झारखंड में सोमवार को मौसम का मिजाज बदला। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी चली। बारिश और वज्रपात भी हुआ। गिरिडीह जिले में वज्रपात की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गयी। घटना गिरिडीह के बदगांवा की है। यहां एक घर में ठनका गिरा। परिवार के पांच सदस्य इसकी चपेट में आ गए। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों की पहचान संजू देवी, नीलकंठ राय और खुशी कुमारी के रूप में की गयी। बाकी दो लोग रेखा देवी और लक्ष्मण महतो का इलाज जारी है। 

गढ़वा में भी हुआ हादसा
इधर गढ़वा जिले में भी चार लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। सभी बिजली की चपेट में आने से घायल हो गए। घायलों में 65 वर्षीय मुंद्रिका चौधरी और तीन छोटे बच्चे है 10 वर्षीय अंशु कुमारी, 8 वर्षीय शिवम पटेल, और 8 वर्षीय दीपक कुमार हैं। सभी बच्चों को घर पर ही स्लाइन चढ़ाया गया।

कई जिलों में झुलसे लोग
सोमवार की बारिश से कई जगहों पर जान माल की क्षति हुई है। चाईबासा में 3 लोग वज्रपात से झुलस गए। दूसरी ओर, पलामू, लातेहार, रामगढ़, बोकारो जामताड़ा सहित कई जिलों में कच्चे मकानों की छतें उड़ गई, पेड़ गिर गए। बारिश के दौरान लगभग पूरे राज्य में सन्नाटा सा छाया हुआ था।