logo

कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, एक ही गांव की तीन महिलाओं की मौत 

12119news.jpg

द फॉलोअप टीम, साहिबगंज: 
साहिबगंज जिला इन दिनों पूरी तरह से प्राकृतिक आपदा से घिरा है। पूरा जिला बाढ़ की चपेट में है। वहीं आकाशीय बिजली ने भी अपना कहर बरपाया है। एक साथ तीन महिलाओं की मौत हो गयी है। घटना राजमहल प्रखंड क्षेत्र के मंडई के पास सखी बगीचा गांव की है। महिलाएं खेत में धान रोपनी कर रही थी, तभी उनपर आकाशीय बिजली गिर गयी, जिससे तीनों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। 

बुलाने पर भी नहीं आयी एंबुलेंस 
बिजली गिरते ही तीनों महिलाएं मूर्क्षित हो गयी थी। जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने महिलाओं को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस के लिए फोन भी किया,लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। इसलिए ग्रामीणों ने एक किराए का वाहन जुगाड़ किया जिससे चारों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को अस्पताल लाने में ग्रामीणों को काफी दिक्कत भी हुई। जब तक वह अस्पताल पहुंचे तब तक काफी देर हो चुकी थी। तीन महिलाओं ने दम  तोड़ दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि अगर एम्बुलेंस समय पर आ जाती तो शायद महिलाओं की जान बच जाती। मृतकों में कुंती देवी, करुणा देवी और बिंदु देवी शामिल हैं। 

गांव में मातम का माहौल 
एक महिला काबो देवी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वह गंभीर रूप से जख्मी हुई है। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। तीन महिलाओं की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस वक़्त मातम का माहौल है। बता दें कि राज्य में हर साल दर्जनों मौतें बिजली गिरने से हो जाती हैं।