logo

आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने किया सुसाइड, तीन महीने से बंद था कामकाज

9193news.jpg
द फॉलोअप टीम, जामताड़ा: 

जामताड़ा के दक्षिण बहाल गांव में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय उत्तम सिंह के रूप में की गई है। परिजनों का कहना है कि उत्तम सिंह ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। रोजगार ठप हो जाने की वजह से उसकी माली हालत खराब हो गई थी। वो ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। 

तीन महीने से कामकाज बंद था
परिजनों का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से कामकाज बंद था। उत्तम ऑटो नहीं चला पा रहा था। आमदनी शून्य हो गई थी जिसकी वजह से परिवार चलाना मुश्किल हो रहा था। ये भी पता चला कि उत्तम सिंह कई महीनों में ऑटो की किश्त नहीं भर पा रहा था। आर्थिक तंगी की वजह से ही उत्तम ने अपनी पत्नी और बच्चों को ससुराल पहुंचा दिया था और घर में अकेला ही रहता था। कहा जा रहा है कि आर्थिक तंगी से परेशान होकर उत्तम ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। 

परिजनों ने पुलिस को सूचना दी
गौरतलब है कि घटना वाले दिन काफी देर तक वो बाहर नहीं आया। पड़ोसियों और परिजनों द्वारा कई बार आवाज देने के बाद भी उत्तम ने दरवाजा नहीं खोला। लोगों ने खिड़की से झांक कर देखा तो उत्तम को फांसी के फंदे से झूलता पाया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है।