logo

Dhanbad : पलटा ट्रक और सड़क पर बिखर गई 10 लाख की मांगुर मछली, ऐसे होता है अवैध कारोबार

a976abf0-8624-48ee-a5fc-17b624e05e89.jpg

द फॉलोअप टीम, धनबाद: 

झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा के जरिये प्रतिबंधित मांगुर मछली का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। गुरुवार  को निरसा थाना के सामने तकरीबन 4 बजे तड़के मांगुर मछली लदा ट्रक पलट गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक (वाहन संख्या-BR02W 5827) में तकरीबन 10 टन मछली लदी थी। इसकी कीमत न्यूनतम 8 से 10 लाख बताई जा रही है। 

यूपी भेजी जा रही थी प्रतिबंधित मछली
कहा जा रहा है कि प्रतिबंधित मछली को यूपी भेजने की तैयारी थी, लेकिन शायद कोहरे की वजह से ट्रक अनियंत्रित हो गया और निरसा थाना के पास पलट गया। इधर ट्रक पलटने की सूचना मिलते ही निरसा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। इधर घटना की सूचना आग की तरह इलाके में फैल गई। लोगों का भारी हुजूम घटनास्थल पर उमड़ पड़ा। लोग मछली लूटने लगे। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से भीड़ पर काबू पाया। बता दें कि वाहन का चालक और उप-चालक फिलहाल फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। 

मैथन बॉर्डर के जरिये मछली का कारोबार
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक इलाके में मांगुर मछली के कारोबार में मुख्य भूमिका निभाने वाले कारोबारी रोशन वर्णवाल का है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मांगुर मछली के कारोबार में लगे व्यापारी पश्चिम बंगाल से मैथन बॉर्डर के जरिये झारखंड की सीमा में मांगुर मछली से लदे वाहनों को प्रवेश कराते हैं। स्थानीय लोगों का ये भी आरोप है कि इसमें स्थानीय प्रशासन की भी मिली-भगत रहती है और इसलिए कार्रवाई नहीं होती।