logo

बाबूलाल मरांडी की किस बात पर JMM ने कह दिया- इतनी चापलूसी! खैर...हाथ कंगन को आरसी क्या

10972news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड बीजेपी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के ट्वीट्स को कभी टाइम निकाल कर खंगालिये। दोनों पार्टियों और इनके नेताओं के बीच ट्विटर वॉर में कभी-कभी पति-पत्नी के बीच नोंकझोंक वाला मजा होता है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल को ही देख लीजिए, झामुमो ने पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी पर तीखा हमला बोला है। झामुमो ने बाबूलाल मरांडी को टैग करते हुए लिखा कि इतनी चापलूसी, खैर! हाथ कंगन को आरसी क्या।



झामुमो ने बाबूलाल मरांडी को चापलूस क्यों कहा
आपके मन में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर बाबूलाल मरांडी को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चापलूस क्यों कह दिया। बीजेपी में अंधभक्तों की बात गाहे-बगाहे सामने आती ही रहती है लेकिन भला बाबूलाल मरांडी क्यों चापलूसी करने लगे। वो भी अपने ही नेता की। बीजेपी विधायक दल के नेता तो वो हैं ही। अगली बार यदि बीजेपी जीती तो संभव है कि उनको झारखंड का मुख्यमंत्री भी बना दिया जाये। आखिर बाबूलाल मरांडी ने ऐसा क्या कहा कि झामुमो ने उनको चापलूस कह दिया। चलिए, कितना ही सस्पेंस में रखें आपको। बता ही देते हैं कि पूरा मामला क्या है। 



पूरा मामला संसद के मानसून सत्र से जुड़ा हुआ है
दरअसल, ये पूरा मामला संसद के मानसून सत्र से जुड़ा है। हुआ यूं कि संसद सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सासंदों को संबोधित किया वो भी संसद भवन परिसर में। इस दरम्यान दिल्ली में हल्की-हल्की बारिश हो रही थी। संबोधन से पहले और बाद में पीएम मोदी परिसर में कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के साथ चहलकदमी भी करते नजर आये। इस दौरान पीएम मोदी के हाथ में छाता नजर आया। छाता थोड़ा स्टाइलिश भी था। दूसरे नेताओं से अलग छाता पीएम मोदी के हाथों में था। हालांकि यहां बात छाते की नहीं है बल्कि बात इस बात की है कि पीएम ने खुद छाता पकड़ा हुआ था। बीजेपी के नेताओं को लगा कि ये कई अद्भुत बात है। मोदीजी ने स्वंय अपने कर कमलों से छाता पकड़ा है. मामूली बात है क्या। 



झामुमो ने लपक लिया बाबूलाल मरांडी का ट्वीट
बस क्या था। झारखंड में बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने पीएम मोदी की छाते वाली तस्वीर के साथ अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया। लिखा कि यही तस्वीरें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को महान बनाती है। ये महज एक तस्वीर नहीं बल्कि दुनिया के लिए एक बड़ा संदेश है। खैर यहां बाबूलाल मरांडी कनाडा सहित बाकी उन देशों के राष्ट्राध्यक्षों की तस्वीरें भूल गए जिसमें कोई खुद स्कूटी चलाकर ऑफिस जाता दिखा तो किसी ने खुद वाइपर उठाकर अस्पताल औऱ रेस्तरां के फर्श की सफाई कर डाली। जजमेंटल नहीं हो रहे हैं। बाबूलाल मरांडी की आलोचना भी नहीं है। पीएम मोदी ने खुद से छाता पकड़ा ये महान होने लायक बात तो है। है कि नहीं।
 


बाबूलाल मरांडी को महानता लगी तो दिक्कत क्या है
बाबूलाल मरांडी का इतना ट्वीट करना था कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का आईटी सेल एक्टिव हो गया। जैसे की शिकार की तलाश में कोई बाज बैठा हो। झामुमो ने अपने ऑफिशियल ट्विटर से तुरंत एक ट्वीट किया। लिखा कि इतनी चापलूसी। खैर, हाथ कंगन को आरसी क्या। अरे! पीएम ने स्वंय अपने कर कमलों से छाता पकड़ा। इतनी देर बारिश में छाता लेकर खड़े रहे। अब बाबूलाल मरांडी को लगा कि ये महानता है तो आपको क्या दिक्कत है जी। अच्छा बात नहीं है एकदम।