द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली:
कुरान की 26 आयतों को आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला बताया गया था और इस पर रोक के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। इस याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। साथ ही याचिकाकर्ता वसीम रिजवी पर 50 हज़ार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। वसीम रिज़वी ने इन आयतों में गैर मुस्लिमों के खिलाफ हिंसा और उनकी हत्या को प्रेरित करने वाली बातें लिखी होने की दलील दी थी। रिजवी ने यह भी कहा था कि इन आयतों को मदरसों में इनकी शिक्षा पर रोक लगाई जाए।
आतंक के लिये हो रहा था इस्तेमाल!
वसीम रिजवी ने कहा था, ''धर्म गुरु तो सुन नहीं रहे हैं। इसलिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हमने तो 16 जनवरी को चिट्ठी लिखी थी लेकिन कोई जवाब नहीं आया। जबकि इन 26 आयतों का इस्तेमाल आतंकवादी कर रहे हैं.'' रिजवी का कहना कि इन 26 आयतों से कट्टरता को बढावा मिलता है। उन्होंने दावा किया था कि ये 26 आयतें कुरान में बाद में जोड़ी गई थीं।
लोगों में रिजवी के खिलाफ आक्रोश
वसीम रिजवी के इस कदम के बाद बीजेपी के नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा उनकी पार्टी दृढ़ता से उन लोगों के खिलाफ है जो किसी भी धार्मिक ग्रंथ का अपमान करते हैं। रिजवी के इस कदम से देश भर के मुस्लिम समाज भी उन पर भड़क उठा था। यहां तक कि उनका परिवार भी साथ छोड़ने को तैयार था। मुस्लिम समाज के लोग उनके खिलाफ सड़कों पर उतरकर उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।