logo

हम खड़े होकर आपका उद्योग लगवाएंगे, आप आइये झारखंड: हेमंत सोरेन

6051news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
झारखण्ड सरकार अब निवेशकों को राज्य में लाने की कवायद में जुट गई है। इसी के तहत शनिवार को दिल्ली में स्टेकहोल्डर्स मीट 2021  का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का और उद्योग सचिव पूजा सिंघल इस मीट में शामिल हुईंं और निवेशकों को लुभाने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने स्टेक होल्डर्स मीट में निवेशकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसी भी राज्य को विकास करने  के लिए जिन चीज़ों की जरुरत होती है, वो सारी चीज़ें झारखण्ड में हैंं। झारखण्ड में मिनिरल्स है, पानी है, बिजली है। अगर झारखण्ड में कुछ नहीं है तो इसे तराशने की व्यवस्था। हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे पास हीरा है, लेकिन उसे तराशने वाले नहीं हैंं। इसलिए आप झारखण्ड आइये। हम खड़े होकर आपका उद्योग लगवाएंगे। क्यूंकि हमारे पास जमीन और मैन पावर भी है। 

मिनिरल्स के अलावे कई चीज़ों पर सरकार का फोकस 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे पास देश का करीब 60 फीसदी मिनिरल्स तो है ही लेकिन हमारा फोकस सिर्फ उसपर नहीं है। क्‍योंकि मिनिरल्स के अलावे झारखण्ड में नेचुरल्स ब्यूटी है। इसलिए सरकार टूरिज्म सेक्टर पर भी फोकस कर रही है। निवेशकों से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टूरिज्म के सेक्टर में भी निवेश करने को कहा।



खेल के सेक्टर में भी निवेश की संभावना 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्टेकहोल्डर्स मीट में कहा कि हॉकी के लिए झारखण्ड विश्व भर में जाना जाता है। भारतीय टीम में आज भी ज्यादातर खिलाड़ी झारखण्ड से होती हैं। फुटबॉल के अच्छे खिलाड़ी हैं।इसलिए स्पोर्ट्स के क्षेत्र में भी इन्वेस्ट की झारखण्ड में अपार संभावना है। 

मैंने जो बंडी पहनी है इसे झारखण्ड की महिलाओं ने बनाया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाषण देने के दौरान अपनी हरे रंग की बंडी दिखाते हुए कहा कि हमने जो ये बंडी पहनी है, इसे झारखण्ड की महिलाओं ने बनाया है। झारखण्ड की महिलाओं में अपार संभावनाएं हैं जिसे तराशने की जरुरत है। झारक्राप्ट से जुड़कर महिलाएं एक से बढ़कर एक चीज़ें बना रही है।



झारखण्ड के सबसे अधिक मजदूर बाहर जाते हैं, इसलिए मेन पावर की कमी नहीं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखण्ड के करीब 8 लाख मजदूर बाहर काम करने जाते हैं। ये बातें हमें भीताब पता चली जब लॉक डाउन के दौरान सभी को लाने लिए रजिस्ट्रेशन कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे और कितने होंगे जिन्होंने रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया। हेमंत सोरेन ने कहा कि  को विभिन्न उद्योग में झारखण्ड में ही काम दिया जा सकता है. इसलिए आप झारखण्ड आइये।

मैंने यहाँ खुद को आमंत्रित किया है
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी बात की शुरुआत इसी बात से की कि मैं यहाँ कोई विशेष आमंत्रित सदस्य नहीं हूँ. बल्कि मैंने खुद को यहाँ आमंत्रित किया है। क्‍योंकि मैं कोई भी काम करता हूँ तो खुद से देखने का काम करता हूँ। मैं यहाँ खुद रहकर आपका सुझाव जानना चाहता हूँ ताकि राज्य में ऐसे व्यवस्था हो सके जहाँ आपको सहयोग मिले और राज्य के विकास के लिए कुछ हो सके।