logo

2 बच्चों के साथ कुएं से मिली महिला की लाश, पति से विवाद के बाद किया सुसाइड!

10800news.jpg
द फॉलोअप टीम, खूंटी:

मुरहू थाना क्षेत्र के हांसा बांध टोली के पास कुएं से बुधवार की सुबह एक महिला और उसके दो बच्चों की लाश मिली। तीनों सोमवार की देर रात से लापता थे। लोग कयास लगा रहे हैं कि पति से विवाद होने के बाद महिला ने दो बच्चों के साथ कुएं में कूदकर सुसाइड किया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मृतकों की पहचान चंपा मुंडू (35), डोकरा मुंडू (6) और हरसीन मुंडू (3) के रूप में की गई। 

महिला का पति से हुआ था विवाद
घटना के बारे बताया जाता है कि सोमवार की रात घर में लड़ाई हुई थी।  इसके बाद सभी लोग खाना खाकर सोने चले गये। चंपा मुंडू भी पति को बोलकर अपने बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई।  सुबह जब उसके पति ने कमरे में देखा तो घर से पत्नी और बच्चे गायब थे। काफी खोजबीन के बाद भी पत्नी चंपा मुंडू और बच्चे नहीं मिले। बाद में पति ने पत्नी के मायके सिलदा गांव जाकर खोज की, लेकिन वहां भी कोई नहीं मिला। 

ग्रामीणों ने कुएं में देखा था शव
ग्रामीणों जब बुधवार की सुबह कुएं के पास गए तो उनकी नजर शव पर पड़ी। इसके बाद यह खबर आग की तरह फ़ैल गई। लोगों ने सूचना मुरहू थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विक्रांत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।