logo

डायन बिसाही का आरोप लगाकर महिला को कुल्हाड़ी से काट डाला, आरोपी फरार

12911news.jpg

द फॉलोअप टीम, सरायकेला:

ग्रामीण इलाकों में डायन-बिसाही का मामला बहुत बड़ी समस्या है। डायन-बिसाही जैसे मामलों से सबसे ज्यादा प्रभावित झारखंड रहता है। बीती शाम भी सरायकेला थाना के पांपड़ा गांव में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला की हत्या डायन बिसाही के आरोप में की गई। मृतका जलही देवी खेत से काम कर घर लौट रही थी इस दौरान पहले से ग्रामीण गोपाल गोडसरा जलही के इंतजार में बैठा था। जैसे ही जलही गोपाल गोडसरा तक पहुंची गोपाल ने उस पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। जलही की घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। 


जलही की हत्या कर फरार हो गया आरोपी
घटना के वक़्त जलही के साथ और महिलाएं थी जो डर कर भाग गईं। आरोपी गोपाल मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गांव के ही गोपाल गोडसरा नामक व्यक्ति ने ही जलही देवी पर कुल्हाड़ी से प्रहार किया है।  गोपाल का जलही के साथ पिछले 10 वर्षों से जमीन विवाद था। गोपाल महिला को डायन बता अपने बच्चों को बीमार करने का आरोप लगा चुका है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

2019 में सबसे ज्यादा डायन बिसाही के मामले
पिछले पांच साल (2015-20) की डायन-बिसाही से जुड़े आंकड़ों की बात करें तो 4 हजार 556 मामले दर्ज किए गए। इसमें हत्या से संबंधित 272 मामले दर्ज हैं। जिसमें 215 महिलाओं की हत्या कर दी गई। गृह विभाग की ओर से ये जानकारी दी गई है। डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत वर्ष 2015 में 818 मामले दर्ज किए गए। वहीं वर्ष 2016 में 688 मामले, 2017 में 668, वर्ष 2018 में 567, 2019 में 978 और 2020 में 837 मामले दर्ज किए गए हैं।