logo

लातेहार: मनरेगा कूप निर्माण के दौरान धंस गई मिट्टी, दबने से हो गई एक व्यक्ति की मौत

9253news.jpg
द फॉलोअप टीम, लातेहार: 

लातेहार जिला के गारू प्रखंड अंतर्गत हेसाग में कूप निर्माण के दौरान मिट्टी धंस गई। हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गारू थानाक्षेत्र अंतर्गत हेसाग गांव के रहने वाले 27 वर्षीय राजेंद्र सिंह के रूप में की गई। मिली जानकारी के मुताबिक हेसाग में मनरेगा के तहत बिष्णु उरांव नाम का व्यक्ति कूप निर्माण करवा रहा था। राजेंद्र सिंह निर्माण स्थल पर काम देख रहे थे। तभी ये हादसा हो गया। 

कूप निर्माण के दौरान धंस गई थी मिट्टी
वहां कूप का निर्माण कार्य चल रहा था। राजेंद्र सिंह खड़ा होकर देख रहे थे तभी अचानक मिट्टी धंस गई जिसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कूप का निर्माण गारू निवासी मिथिलेश प्रसाद द्वारा करवाया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का खयाल नहीं रखा गया था। वहां श्रमिक सहित अन्य कर्मी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे थे। लापरवाही की वजह से ही वहां इतना बड़ा हादसा हो गया। 

मनरेगा में घटिया सामग्री का इस्तेमाल
इस बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा किया औऱ पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। स्थानीय लोगों को मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कूप निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मनरेगा के तहत भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है जिसकी कीमत श्रमिकों को चुकानी पड़ती है।