logo

भीषण चक्रवाती तूफान में बदला 'यास'! राहत और बचाव के लिए NDRF की 109 टीमों की तैनाती

भीषण चक्रवाती तूफान में बदला 'यास'! राहत और बचाव के लिए NDRF की 109 टीमों की तैनाती
द फॉलोअप टीम, कोलकाता: 

बंगाल की खाड़ी में बना उच्च दबाव अब चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। आने वाले 24 घंटों में ये तूफान भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक चक्रवाती तूफान यास 26 मई की दोपहर को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटवर्ती जिलों से टकराएगा। इस वक्त चक्रवाती तूफान यास की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटा है। 

26 मई की शाम तक टकराएगा तूफान
भारतीय मौसम विज्ञान विभान ने बाया कि चक्रवाती तूफान यास 26 मई की दोपहर को बालासोर के निकट पारादीप और सागर द्वीप के बीच उत्तर ओड़िशा और पश्चिम बंगाल तट से गुजरेगा। इस दौरान तटवर्ती जिलों में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होगी। मिली जानकारी के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में तूफान आंध्र प्रदेश, ओड़िशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में तबाही मचाएगा। तैयारियों के मद्देनजर एनडीआरएफ की 109 टीमों को पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, झारखंड और अंडमान निकोबार में तैनात किया गया है। 

ओड़िशा के 4 जिलों में होगा तूफान का प्रभाव
पश्चिम बंगाल ने तूफान पर निगरानी रखने के लिए राज्य सचिवालय में नियंत्रण कक्ष भी बनाया है। मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के पूर्व और पश्चिमी मिदनापुर, दक्षिण और उत्तर 24 परगना, हावड़ा और हुगली में भारी बारिश होगी। झारग्राम में भी तूफान असर दिखाएगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जानकारी दी है कि बंगाल के अलग-अलग जिलों में आपदा प्रबंधन की 51 टीमों को तैनात किया गया है। ओड़िशा के 4 जिले बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर चक्रवात से सर्वाधिक प्रभावित होंगे। राहत और बचाव टीमें तैनात की गई हैं।