द फॉलोअप डेस्क:
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले से करेगी। भारत और जापान के बीच यह इंटरनेशनल क्रिकेट का पहला मुकाबला होगा। डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम की नजरें जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होंगी। वहीं, मेजबान जापान की टीम भारतीय खिलाड़ियों को चुनौती देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। मुकाबला आईची के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में सुबह 10:30 बजे से खेला जाएगा।

डिफेंडिंग चैंपियन है भारतीय टीम
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2023 एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। टीम इस बार भी खिताब की दावेदार के रूप में टूर्नामेंट में उतरी है। भारतीय टीम हाल ही में आठवीं बार महिला एशिया कप जीतकर यहां पहुंची है। भारतीय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी, जबकि मेजबान जापान की कमान माई यानागिदा के हाथों में होगी।
.jpeg)
शेफाली और श्री चरणी पर रहेगी नजर
भारतीय टीम के लिए इस साल बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा और गेंदबाजी में श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन किया है। एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली शेफाली वर्मा 2026 में टीम की टॉप रन स्कोरर भी हैं। उन्होंने इस साल 21 टी-20 मैचों में 675 रन बनाए हैं। वहीं, गेंदबाजी में श्री चरणी ने 20 मैचों में 39 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनकी इकोनॉमी 6.10 रही है। जापान के खिलाफ मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी।
16 साल की अयाका काटो-स्टैफोर्ड जापान की अहम खिलाड़ी
मेजबान जापान की टीम को 16 साल की ऑलराउंडर अयाका काटो-स्टैफोर्ड से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। अयाका ने इस साल बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने 5 टी-20 मैचों में टीम के लिए सबसे ज्यादा 223 रन बनाए हैं। इसके अलावा वह 8 विकेट भी हासिल कर चुकी हैं। उनकी गेंदबाजी इकोनॉमी 4.22 रही है।
सीधे क्वार्टर फाइनल से शुरू हो रही प्रतियोगिता
एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में ग्रुप स्टेज नहीं रखा गया है। आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में मुकाबले सीधे क्वार्टर फाइनल से शुरू हो रहे हैं। बांग्लादेश और पाकिस्तान की टीमें पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। बांग्लादेश का चीन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया, जिसके बाद उसे बिना खेले अंतिम चार में जगह मिल गई।
छोटी बाउंड्री से बड़े स्कोर की उम्मीद
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की हाइब्रिड पिच पर अच्छा बाउंस मिलने की उम्मीद है। मैदान की बाउंड्री करीब 65 मीटर की है, जिससे बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के अवसर मिल सकते हैं। आईची में मैच के दौरान तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना लगभग 10% बताई गई है। हालांकि, इसी मैदान पर बांग्लादेश और चीन के बीच खेला जाने वाला क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो चुका है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, जी कमालिनी, श्रेयंका पाटिल, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव और नंदनी शर्मा।
जापान: माई यानागिदा (कप्तान), एरिका ओडा, अहिल्या चंदेल, आयुमी फुजीकावा, हिनासे गोटो, हारुना इवाकी, अकारी निशिमुरा, शिमाको काटो, अयाका काटो-स्टैफोर्ड, एलेना कुसुडा-नैर्न, नोनोहा यासुमोटो, मेग ओगावा, कुरुमी ओटा, सेइका सुमी और एरिका टोगुची-क्विन।