द फॉलअप डेस्क
सिमडेगा (झारखंड) के तीन खिलाड़ियों दीपिका सोरेंग, महिमा टेटे और रोपनी कुमारी से सजी भारतीय हॉकी टीम ने महिला जूनियर एशिया कप हॉकी 2023 में एतिहासिक जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में कोरिया को 2-1गोल से हराकर पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया। इस ऐतिहासिक जीत पर सीएम हेमंत सोरेन ने भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी। सीएम ने ट्वीट कर जीत का जश्न मनाती खिलाड़ियों की तस्वीर भी साझा की। मालूम हो कि 02 जून से 11 जून 2023 तक जापान के काकामिगहारा में आयोजित महिला जूनियर एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में 18 सदस्यीय भारतीय टीम में झारखंड के सिमडेगा जिले की दीपिका सोरेंग, महिमा टेटे और रोपनी कुमारी भी शामिल थीं। दीपिका सोरेंग को चाइनीज ताइपे के खिलाफ खेले गए मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला था।

खिलाड़ियों को दो-दो लाख रुपए इनाम देने की घोषणा
जूनियर महिला एशिया कप में पहली बार विजेता बनने पर टीम के सभी सदस्यों को हॉकी इंडिया ने दो-दो लाख रुपए देने की घोषणा की। मैच के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव सह हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह जापान में ही उपस्थित थे। भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन पर हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी, सुनील तिर्की, सिमडेगा विधायक भूषण बड़ा और पूर्व विधायक बिमला प्रधान आदि ने भी बधाई दी है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें :