logo

IPL 2022 : भारत में ही खेला जाएगा आईपीएल-2022, दर्शकों की मौजूदगी को लेकर BCCI ने क्या कहा!

494af27c-8e81-408b-9820-49e1f73d2535.jpg

मुंबई: 

इंडियन प्रीमियर लीग को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है। बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि आईपीएल-2022 का आयोजन भारत में ही किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि आईपीएल-2022 बिना दर्शकों के खेला जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक इंडियन प्रीमियर लीग-2022 के सभी मैच मुंबई में ही खेले जाएंगे। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) , मुंबई और पुणे के डीवाई पाटिल स्टेडियम वो संभावित वैन्यू है जहां मुकाबले खेले जाएंगे। 

इस शहर में आयोजित होगा आईपीएल
गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग का पिछला 2 सीजन यूएई में खेला गया। आईपीएल-2020 संयुक्त अरब अमीरात के तीन शहरों में खेला गया। आईपीएल-2021 का कुछ हिस्सा भारत में खेला गया था। टूर्नामेंट के बीच में ही कई खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाए गये जिसके बाद इसे स्थगित किया गया। इसका दूसरा चरण फिर से यूएई के दुबई, शारजाह और अबू-धाबी के स्टेडियमों में खेला गया। 2020 सीजन की ट्रॉफी मुंबई इंडियंस ने जीती वहीं 2021 में सीएसके ने खिताब जीता। 

2 नई फ्रेंचाइजी के साथ बढ़ेगा रोमांच
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आईपीएल-2022 में 2 नई फ्रेंचाइजी जुड़ेगी। अहमदाबाद और लखनऊ वो 2 नई फ्रेंचाइजी है। दोनों ही फ्रेंचाइजी ने 3-3 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है। बाकी 8 टीमों ने भी अपनी-अपनी जरूरत के मुताबिक खिलाड़ियों को रिटेन किया है। फरवरी में मेगा ऑक्शन होना है जिसके लिए कुल 1 हजार 214 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। 20 जनवरी रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख थी। इसमें कई विदेशी और भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं।