रांची
7 से 14 दिसंबर 2025 तक दुबई में होने वाले एशियन यूथ पैरा गेम्स की तीरंदाजी स्पर्धा में भाग लेने वाली भारतीय टीम के चयन हेतु 1 अक्टूबर को हरियाणा के सोनीपत में सेलेक्शन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। इस ट्रायल में भाग लेने के लिए झारखंड से खूंटी के युवा पैरा तीरंदाज झोंगो पाहन को आमंत्रित किया गया है। यह जानकारी आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा की गई है।
वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, झारखंड के कुल चार खिलाड़ियों को इस चयन ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया है।

खेल प्रशिक्षक आशीष कुमार ने बताया कि झोंगो पाहन ने जनवरी 2025 में जयपुर में आयोजित पैरा नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर उन्हें दुबई में होने वाले एशियन यूथ पैरा गेम्स के चयन ट्रायल में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ है। झोंगो पाहन वर्तमान में खूंटी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में निरंतर अभ्यास कर रहे हैं।
एशियाई पैरालंपिक समिति द्वारा आयोजित यह खेल आयोजन एशिया के युवा पैरा एथलीटों के बीच एकता, दृढ़ता और प्रतिभा को बढ़ावा देने का मंच प्रदान करता है। दुबई में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में करीब 1500 युवा पैरा एथलीट भाग लेंगे, जो 11 विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इनमें पैरा तीरंदाजी, पैरा एथलेटिक्स, पैरा बैडमिंटन, बोशिया, गोलबॉल, पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा तैराकी, पैरा ताइक्वांडो, पैरा टेबल टेनिस, व्हीलचेयर बास्केटबॉल और पैरा-आर्मरेसलिंग शामिल हैं।
.jpg)