logo

झारखंड में राष्ट्रीय खेल महाकुंभ : 69वीं स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज कल

MESRA111.jpg

रांची
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की मेजबानी में 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता (SGFI) का शुभारंभ कल किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता BIT मेसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 39 राज्यों एवं इकाइयों से कुल 1166 फुटबॉल खिलाड़ी तथा 155 कोच और मैनेजर भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता अंडर-14 और अंडर-17 बालिका वर्ग में आयोजित की जा रही है, जो खेल के क्षेत्र में बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्तिकरण को दर्शाती है।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रातः 11 बजे झारखंड सरकार के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा BIT मेसरा स्थित फुटबॉल मैदान में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों का आगमन 16 दिसंबर से शुरू हो चुका है।


प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों, कोचों और मैनेजरों के लिए आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि सभी प्रतिभागी पूरी एकाग्रता के साथ खेल में हिस्सा ले सकें। झारखंड पहुंचने पर खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशनों पर पारंपरिक झारखंडी पाड़िया गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया जा रहा है, जिससे अतिथियों को राज्य की संस्कृति और आतिथ्य परंपरा से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 18 दिसंबर से 22 दिसंबर 2025 तक आयोजित होगी। आयोजन को लेकर सभी प्रशासनिक, तकनीकी और खेल संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह प्रतियोगिता झारखंड को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने के साथ-साथ देशभर की उभरती बालिका फुटबॉल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest