द फॉलोअप डेस्क:
भारत और श्रीलंका (India-Srilanka) के बीच 3 मैचों का वनडे सीरीज (ODI Series) भारतीय टीम की धमाकेदार पारी जारी है। भारत के विस्फोटक बल्लेबाज विराट कोहली ने शतक जड़ा है। विराट ने 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया है।इस दौरान विराट ने 10 चौका और 1 छक्का लगाया। इस शतक के साथ विराट ने अपना 45वां शतक जमा लिया है। विराट ने इस दौरान सचिन तेंदुलकर के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली और एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया। बता दें कि 4 साल बाद विराट ने भारत में शतक जड़ा है।

सचिन का तोड़ा रिकॉर्ड
कोहली का श्रीलंका के खिलाफ यह वनडे में नौवां शतक है। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। तेंदुलकर ने श्रीलंका के खिलाफ आठ शतक जड़ा है। हालांकि, सचिन का किसी एक टीम के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने की बात करें तो उनका यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ है। सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नौ शतक लगाए हैं। वहीं, कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी नौ शतक लगाए हैं।
इस मामले में की तेंदुलकर की बराबरी
इसके अलावा विराट ने घरेलू मैदान पर 20वां वनडे शतक लगाया है। घर में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में उन्होंने तेंदुलकर की बराबरी कर ली है। सचिन ने अपने 49 में से 20 शतक भारत में लगाए थे। वहीं, 29 बार विदेशी मैदान पर शतकीय पारी खेली थी। वहीं, कोहली ने 20 शतक भारत और 25 शतक विदेश में लगाए हैं।
भारत को मिली शानदार शुरूआत
बता दें कि श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। यह इस साल दोनों टीमों का वनडे फॉर्मेट में पहला मुकाबला है। भारत की शुरुआत अच्छी रही है। ओपनर रोहित शर्मा ने 47वीं फिफ्टी जड़ी। शुभमन गिल ने भी अर्धशतक (70 रन) जमाया। दोनों ने 118 गेंद में 143 रन जोड़े। केएल राहुल 39 रन, श्रेयस अय्यर 28 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पंड्या 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

भारत की प्लेइंग-11
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर/सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल/कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और उमरान मलिक/अर्शदीप सिंह।