logo

एमएस धोनी को सौंपी गई CSK की कमान, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल 2025 से बाहर 

धोनी.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को तगड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ कोहनी में फ्रैक्चर के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। सीएसके के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि टीम की कप्तानी अब एमएस धोनी संभालेंगे।
गायकवाड़ को यह चोट जोफ्रा आर्चर की गेंद पर लगी थी, और स्कैन रिपोर्ट में कोहनी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। उनके बाहर होने से न सिर्फ टीम की बल्लेबाजी को झटका लगा है, बल्कि नेतृत्व में भी बड़ा बदलाव हुआ है।
यह दूसरी बार है जब आईपीएल के बीच सीजन में एमएस धोनी को कप्तानी संभालनी पड़ी है। इससे पहले आईपीएल 2022 में भी रविंद्र जडेजा के हटने के बाद धोनी ने कप्तानी संभाली थी।
चेन्नई सुपर किंग्स का इस सीजन में प्रदर्शन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने ऋतुराज की कप्तानी में पांच मुकाबलों में से सिर्फ एक में जीत दर्ज की है। सीजन की शुरुआत में उन्होंने मुंबई इंडियंस को हराया था, लेकिन इसके बाद टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ लगातार चार हार का सामना करना पड़ा है। फिलहाल CSK पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है।
ऋतुराज का बतौर कप्तान सफर अब तक खास प्रभावशाली नहीं रहा है। पिछले सीजन में भी उनकी कप्तानी में सीएसके प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी थी और पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर रही थी।
अब टीम की बागडोर एक बार फिर आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक एमएस धोनी के हाथों में है। धोनी ने सीएसके को अब तक पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया है (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023)। हालांकि, वह पिछले कुछ वर्षों से घुटने की चोट से परेशान रहे हैं। हाल ही में उनके परिवार – माता-पिता और पत्नी – को स्टेडियम में मैच देखने के लिए आते देखा गया था, जिससे उनके संन्यास की अटकलें भी तेज हो गई थीं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या धोनी की वापसी टीम को प्लेऑफ की दौड़ में वापस ला पाती है, या यह सीजन भी सीएसके के लिए एक और भूलने लायक बन जाएगा

Tags - IPLCSKMSDHONICAPTAINIPL2025LATESTNEWSRITURAJ