logo

रांची में BJP नेताओं के साथ नजर आए धोनी, चुनावी मौसम में माही को लेकर शुरू हुई यह चर्चा

a444.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

रांची में धोनी बीजेपी नेताओं के साथ नजर क्या आए, कयासों का दौर शुरू हो गया। वैसे तो ठंड ने दस्तक दी है लेकिन फिजाओं में राजनीतिक तपिश महसूस की जा सकती है। लोकसभा चुनाव के ऐलान में कुछ ही महीने बचे हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव में भी अब 1 साल से कम समय बचा है। अब चुनावी मौसम में धोनी जैसी शख्सियत बीजेपी नेताओं के साथ नजर आई तो कयास लगने ही थे। दरअसल, महेंद्र सिंह की एक तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की है। इस तस्वीर में धोनी, बीजेपी के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, रांची विधायक सीपी सिंह और कांके विधायक समरी लाल के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में जिस तरह की गर्मजोशी दिखी है, उस आधार पर सुर्खियां बनने लगी है। दबी जुबान से चर्चा शुरू हो गई है कि क्या चुनावी मौसम में माही नई टीम में आएंगे। 

क्यों धोनी को राजनीति में देखना चाहते हैं लोग
धोनी, ए मैन, ए मिथ..ए लीजेंड। वर्षों से किसी मीडिया चैनल को इंटरव्यू न देने वाले कैप्टन कूल हमेशा मीडिया की सुर्खियों में रहते हैं। धोनी जो करते हैं, वही खबर बन जाती है। धोनी पता पूछते हैं तो सुर्खियां बनती है। धोनी फैन को ऑटोग्राफ देते हैं तो खबरें बन जाती है। धोनी का बर्थडे, धोनी की बाइक, धोनी की स्माइल या धोनी का बिहार एक्सेंट में बोलना हो। कैप्टन कूल की हार बात लोग हाथों-हाथ लेते हैं। ऐसे में जब बीजेपी नेताओं के साथ तस्वीर वायरल हुई तो चर्चा होनी ही थी। गुरुवार को जैसे है बीजेपी नेताओं के साथ वाली धोनी की तस्वीर सामने आई, चर्चा शुरू हो गई। वैसे भी, कई मौकों पर जब कुछ खेल और फिल्स सेलिब्रिटी से पूछा गया कि वे किस खिलाड़ी को पीएम के रूप में देखना पसंद करेंगे तो उन लोगों ने कैप्टन कूल का नाम लिया। 

 

धोनी की नेतृत्व क्षमता की होती रही है तारीफ
कहा गया कि धोनी की नेतृत्व क्षमता शानदार है। उनमें अपने टीम के साथियों की खूबी पहचान लेने की गजब की क्षमता है। वे शांत रहकर मुश्किल से मुश्किल परिस्थिति में समस्याओं का समाधान खोज लेते हैं। विपरित परिस्थितियों में घबराते नहीं हैं। जहां तक बात लोकप्रियता की है, उसमें भी धोनी का कोई सानी नहीं है। ऐसे में धोनी राजनीति में आते हैं तो वहां भी सफलता की गारंटी है। दरअसल, लोग धोनी को केवल उनके क्रिकेटर होने की वजह से ही प्यार नहीं करते बल्कि उनके व्यक्तित्व की वजह से भी चाहते हैं। लोग धोनी को उनकी सादगी और निस्वार्थ भावना के लिए भी प्यार करते हैं। दरअसल, एक आदर्श राजनेता में जो गुण होने चाहिए उसमें धोनी फिट बैठते हैं। अब, धोनी कभी राजनीति में आएंगे या नहीं इसका फैसला केवल धोनी ही कर सकते हैं। 

धोनी की गतिविधियों पर होती है फैन्स-मीडिया की निगाह
धोनी की गतिविधियों पर फैन और मीडिया की निगाह तो होती ही है। दरअसल, धोनी अपने फैसलों से चौंकाने के लिए भी जाने जाते हैं। दरअसल, दिसंबर 2014 में धोनी ने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरा टेस्ट मैच ड्रॉ कराने के बाद अचानक संन्यास का ऐलान कर दिया। धोनी 90 टेस्ट मैच खेल चुके थे और लोगों को लगता था कि वह 100 टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगे। इसके बाद 2019 में वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलने के बाद धोनी ने अगले  1 साल तक कोई अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला और अगस्त 2020 में अचानक संन्यास का ऐलान कर दिया। पिछले 3 साल से हर बार यह चर्चा जोर पकड़ती है कि धोनी शायद आईपीएल का आखिरी सीजन खेल रहे हैं लेकिन कैप्टन कूल ने इसमे भी चौंकाया है। 

क्या चुनावी साल में राजनीतिक पारी शुरू करेंगे धोनी
अब बीजेपी नेताओं के साथ यह तस्वीर वायरल होने के बाद चुनावी मौसम में कयास लग रहे हैं कि क्या धोनी अब राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले हैं। वैसे, यह पहली बार नहीं है जब धोनी को लेकर ऐसी अटकलें लगाई गई है। इससे पहले साल 2019 के लोकसभा और झारखंड विधानसभा चुनाव के समय भी चर्चा जोरों पर थी कि धोनी राजनीति के मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि, तब वह बात भी अटकलें ही साबित हुई थी। देखते हैं कि अब क्या होता है।