logo

भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे से पहले तैयारियां तेज़, रांची DC ने की सुरक्षा और यातायात को लेकर अहम बैठक

RDC1.jpg

रांची
आगामी 30 नवंबर 2025 को झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) स्टेडियम, धुर्वा में होने वाले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मुकाबले की तैयारियों को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने की। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक पारस राणा, यातायात पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, JSCA के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, सचिव सौरभ तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


उपायुक्त भजन्त्री ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय मैच में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पुख्ता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दर्शकों और खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। यातायात की सुचारु व्यवस्था, पार्किंग स्थल, इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम और मेडिकल सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। उपायुक्त ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों के लिए यादगार हो, बल्कि रांची की छवि एक उत्कृष्ट मेजबान के रूप में और मजबूत हो।”


JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की समन्वित तैयारियां आयोजन की सफलता में अहम भूमिका निभाएंगी। सचिव सौरभ तिवारी ने बताया कि स्टेडियम में आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं और दर्शकों की सुविधा के लिए सभी प्रबंध समय पर पूरे कर लिए जाएंगे।

रांची में भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज़ हो गई है। यातायात और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि 30 नवंबर का मुकाबला रांची के लिए गौरवपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन बन सके।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News