द फॉलोअप डेस्क:
टीम इंडिया के स्टार ओपनर बैटर शुभमन गिल वर्ल्ड कप में लगातार दूसरा मैच मिस करेंगे। 11 अक्टूबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में भी शुभमन गिल खेलते नहीं दिखाई देंगे। शुभमन की गैरमौजूदगी में ईशान किशन ही रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं या केएल राहुल से ओपन कराकर सूर्यकुमार यादव को मध्यक्रम में शामिल किया जा सकता है। ईशान, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लूज शॉट खेलकर आउट हुए थे।
शुभमन गिल डेंगू से पीड़ित हैं
गौरतलब है कि शुभमन गिल डेंगू से पीड़ित हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से 2 दिन पहले यह खबर सामने आई थी कि शुभमन गिल डेंगू से पीड़ित हैं और उनका खेलना संदिग्ध है। वहीं, कप्तान रोहित शर्मा ने मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस वार्ता में शुभमन गिल के सवाल पर कहा था कि मै कप्तान से पहले इंसान हूं। चाहूंगा कि पहले शुभमन अच्छी तरह से स्वस्थ हों। इसके बाद ही कोई बात करेंगे।
इस वर्ष शानदार फॉर्म में हैं गिल
शुभमन गिल इस वर्ष शानदार फॉर्म में हैं और बल्लेबाजों की ओडाई रैंकिंग में नंबर-1 पर काबिज हैं। हाल ही में शुभमन गिल ने 2 शतक भी लगाए हैं। वर्ल्ड कप में शुभमन गिल का टीम से जल्दी जुड़ना जरूरी है क्योंकि 14 अगस्त को टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों से भारत का मुकाबला होना है।