द फॉलोअप डेस्क
वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड अब इंडिया के नाम है। रविवार को श्रीलंका को तीन मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में 317 रनों के विशाल अंतर से टीम इंडिया ने मात दी। इतने अंतर से जीत हासिल करने के बाद भारत ने न्यूजीलैंड के 15 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। बताते चलें कि कीवी टीम ने 2008 में आयरलैंड को 290 रनों से हराया था। मगर इंडिया ने 317 रनों के विशाल अंतर से हराने के साथ ही अब टीम इंडिया सबसे अधिक रनों से जीत हासिल करने वाली टीम बन गई।

श्रीलंका के 6 बल्लेबाज डबल डिजिट नहीं छू पाए
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 390 रन का विशाल स्कोर बनाया विराट कोहली ने नाबाद 166 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल ने भी शतकीय पारी खेली। 116 रन बनाए। इसके बाद गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज की कहर बरपाती गेंदों के आगे श्रीलंका की बैटिंग ऑर्डर लड़खड़ा गई। श्रीलंका की टीम 22 ओवर में 9 विकेट पर 73 रन ही बना सकी। मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए साथ ही एक रन आउट भी किया। वहीं, श्रीलंका के 6 बल्लेबाज डबल फिगर में भी नहीं पहुंच सके।

23 साल पुराना हिसाब किया चुकता
भारतीय टीम ने 23 साल पुराना हिसाब श्रीलंका से चुकता किया। वनडे में भारत को सबसे बड़ी हार साल 2000 में श्रीलंका के खिलाफ मिली थी। श्रीलंका ने 245 रनों से भारत को हराया था। शारजाह में खेले गए उस मैच में सनथ जयसूर्या (189 रन) के शतक की बदौलत श्रीलंका ने 299 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी टीम इंडिया महज 54 रन पर सिमट गई थी।

चार वनडे में विराट का तीसरा शतक
तीन साल से शतक का सूखा झेल रहे पूर्व भारतीय कप्तान विराट अब शतक पर शतक जड़ रहे हैं। पिछले चार वनडे मैचों में तीसरा शतक विराट ने जमाया है। बताते चलें कि बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के आखिरी मैच में शतक जमाने के बाद श्रीलंका के साथ खेले जा रहे इस सीरीज के पहले और अंतिम मैचे में शतक बनाया। शानदार प्रदर्शन के कारण मैन ऑफ द मैच के साथ मैन ऑफ द सीरीज का अवार्ड भी विराट को दिया गया।
