रांची:
झारखंड में टी20 लीग की शुरुआत होगी। जून के पहले सप्ताह में पुरुषों की 6 टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। बहुत जल्द 6 फ्रेंचाइजी के लिए टीम खरीदने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसका आयोजन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के तर्ज पर किया जाएगा। हाल ही में झारखंड ने ईशान किशन की कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट की ट्रॉफी जीती है, तो इसके आयोजन को लेकर उत्साह भी है। झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) एसजे अपलिफ्ट के सहयोग से महिला और पुरुषों के लिए टी20 लीग का आयोजन कराने जा रहा है।

6 फ्रेंचाइजी के साथ शुरू होगी लीग
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने जानकारी दी है कि टी20 लीग 6 फ्रेंचाइजी के साथ शुरू होगी, जिसका स्पष्ट लक्ष्य है प्रोफेशनल और टिकाऊ क्रिकेट ढांचा तैयार करना। सचिव सौरभ तिवारी ने बताया कि इस लीग के जरिए जिला लेवल पर क्रिकेट खेल रहे युवा प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलेगा। उनको रणजी और इंडियन टीम के लिए खेल चुके खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा। छोटे शहर और ग्रामीण इलाकों के भी क्रिकेटरों को झारखंड टी20 लीग के जरिए इंडियन प्रीमियर लीग जैसे वैश्विक क्रिकेट प्लेटफॉर्म तक पहुंचने का मौका मिल सकता है। इसका टीवी पर प्रसारण भी किया जाएगा।

झारखंड टी20 लीग की घोषणा के दौरान JSCA के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव, सचिव सौरभ तिवारी, उपाध्यक्ष संजय पांडे, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम और एसजे अपलिफ्ट के संस्थापक संभव जैन मौजूद थे।