द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
15 साल के वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। आईपीएल के पिछले सीजन में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने दूसरे ही सीजन में सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने क्वीलाफायर-2 जैसे अहम मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 47 गेंदों पर 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 96 रन की पारी खेली। वह शतक की ओर आसानी से बढ़ते दिखाई पड़ रहे थे, लेकिन मो. सिराज की गेंद पर थर्डमैन बाउंड्री के पार लपके गये।

आईपीएल 2026 में 776 रन बना चुके वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 96 रन की पारी खेलकर ऑरेंज कैप होल्डर के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। उनके अब 776 रन हैं। इनसे पीछे साईं सुदर्शन हैं जिनके 652 रन हैं और उनकी बैटिंग पूरी होना बाकी है। वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में सबसे कम गेंदों पर 1000 रन पूरा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने महज 440 गेंद खेलकर 1000 रन पूरा किया। इससे पहले आंद्रे रसेल के नाम यह रिकॉर्ड था जिन्होंने 545 गेंद खेलकर 1000 रन बनाया था।
वैभव सूर्यवंशी ने महज 23 पारियों में यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने गुजरात टाइटंस के साईं सुदर्शन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1000 रन बनाने के लिए 25 पारियां ली थीं।

सीजन के पावरप्ले में 500 रन बना चुके हैं वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने सीजन के पावरप्ले में यानी शुरुआती 6 ओवरों में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने इस मामले में डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड़ तोड़ा जिन्होंने 2016 के सीजन में पावरप्ले में 467 रन बनाए थे। टी20 क्रिकेट में 1000 रन का आंकड़ा छूने में वैभव का स्ट्राइक रेट सर्वाधिक 228 रहा है।