द फॉलोअप,बिहार
पंजाब के एक कॉलेज में शुक्रवार को बिहार के छात्रों को बिहारी कहकर जलील किया गया। मामला अमृतसर स्थित खालसा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में पढ़ रहे छात्रों का है। कॉलेज परिसर में बिहारी कहकर गाली दी गई, मारपीट की गई। कई छात्र घायल हैं।

बिहारी कहकर मारपीट की गई
जानकारी के मुताबिक, बीते रात कॉलेज परिसर में कुछ बदमाशों ने गुट बनाकर बिहार के छात्रों पर हमला किया। इस दौरान गालीगलौज, अभद्र भाषा का उपयोग के साथ मारपीट की गई। जिसमें कई छात्र घायल हो गए। घायल छात्रों में वैशाली जिले के रहने वाले भी शामिल हैं। छात्रों ने मोबाइल पर अपने परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। छात्रों ने बताया कि इस दौरान जम्मू-कश्मीर के छात्रों के साथ भी मारपीट की गई है।

300 छात्रों ने पुलिस थाने में लिखवाई शिकायत
घटना के बाद इस मामले में करीब 300 छात्रों ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही इधर छात्रों ने सड़क पर उतरकर अपनी सुरक्षा की मांग की। घटना के बाद छात्र प्रमाण पत्र और माइग्रेशन लेकर अपने राज्य में वापस आना चाह रहे हैं। उन्होंने बिहार सरकार को भी वीडियो के जरिए इसकी जानकारी दी और इस पर सख्त संज्ञान लेने की अपील की है।