बक्सर/बिहार
बिहार के बक्सर जिले में आज सड़क दुर्घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे परिवार में मातम छा गया है। घटना ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कुआवन मोड़, बक्सर-आरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-922) पर हुआ।

गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों भाई किसी काम से बाइक से घर से बाहर जा रहे थे। इसी दौरान कुआवन मोड़ पर गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। टक्कर इतना जोरदार था कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। लोगों ने जब पास जाकर देखा तो एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अस्पताल ले जाने के क्रम में दूसरा भाई भी दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान ब्रजबिहारी पासवान के पुत्र गणेश पासवान और मुन्ना पासवान के रुप में हुई है, जो करनामेपुर थाना क्षेत्र के लालू डेरा गांव के रहने वाले थे। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद से ट्रक चालक फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही थाना प्रभारी ने यह भरोशा दिलाया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।