बिहार
सिवान-छपरा मार्ग पर पचरुखी के पास शनिवार रात भीषण हादसा हुआ। एकमा से कार्यक्रम कर लौट रहे जागरण ग्रुप का ऑटो खड़े ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं करीब 8 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

हादसा हुआ कैसे?
दरअसल यह हादसा पचरुखी थाना क्षेत्र के जीओ पेट्रोल पंप के पास हुआ। सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर स्थित 'राधे-राधे जागरण एवं झांकी ग्रुप' के सदस्य सारण के एकमा से कार्यक्रम समाप्त कर ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही जागरण ग्रुप के ऑटो असंतुलन के होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा टकराई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकि 8 लोगों की इलाज जारी है।

मृतकों और घायलों में शामिल
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूत्रों के मुताबिक, मृत लोगों की पहचान कुशीनगर के पिपराइच निवासी आर्या कुमारी और वैद्यनाथपुर मठिया निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में ऑटो चालक जमीर अहमद, गोलू कुमार, संदीप कुमार, बलवंत पांडे, हीरालाल चौधरी, मधु कुमारी, सूरज कुमार और जाह्नवी पांडे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घायलों में गोलू और संदीप की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद से मृतक कलाकारों के परिवार और जागरण ग्रुप के साथियों में शोक की लहर दौड़ गई है।