बोकारो:
Bokaro News: बोकारो के ललपनिया स्थित लुगुबुरू धाम में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव का आज अंतिम दिन है। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ महोत्सव में शामिल होने पहुंचे। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर महोत्सव में मौजूद श्रद्धालुओं और लोगों में उत्साह देखने को मिला। 22 नवंबर से शुरू हुए इस महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के अलावा नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
सीएम से पहले कई दिग्गज नेता पहुंचे लुगुबुरू धाम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पहले मंत्री चमरा लिंडा, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा भी लुगुबुरू धाम पहुंच चुके हैं। महोत्सव में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों की मौजूदगी से आयोजन की रौनक और बढ़ गई है।
मांदर की थाप और संथाली नृत्य से गूंज रहा धाम
तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान लुगुबुरू धाम में आदिवासी संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। मांदर की थाप, संथाली लोकगीत और पारंपरिक नृत्य से पूरा परिसर उत्सवमय बना हुआ है। अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालु और कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए संथाल समाज की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित कर रहे हैं।
लुगुबाबा की पवित्र गुफा में श्रद्धालु कर रहे पूजा-अर्चना
महोत्सव में पहुंचे श्रद्धालु लुगुबाबा की पवित्र गुफा में पूजा-अर्चना कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। संथाल आदिवासी समाज के लिए लुगुबुरू धाम विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। यह महोत्सव केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का भी एक बड़ा माध्यम है।