logo

रांची में इक्फाई विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह, 365 विद्यार्थियों को मिली डिग्री; राज्यपाल ने दिए 12 गोल्ड मेडल

रांची में इक्फाई विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह, 365 विद्यार्थियों को मिली डिग्री; राज्यपाल ने दिए 12 गोल्ड मेडल

रांची: 
Ranchi News:
इक्फाई विश्वविद्यालय, झारखंड का 7वां दीक्षांत समारोह कल 26 नवंबर को रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार, जेएपी ग्राउंड के सामने भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के विजिटर संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समारोह की अध्यक्षता करते हुए विद्यार्थियों को उपाधियां और मेधावी छात्रों को पदक प्रदान किए।

365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मिली उपाधि
दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के कुल 365 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 10 पीएचडी शोधार्थी, 47 एमबीए, 16 बीबीए, 13 बीबीए (बिजनेस एनालिटिक्स), 21 बीटेक, 77 बीसीए, 35 डिप्लोमा इन टेक्नोलॉजी, 40 एलएलएम, 85 एलएलबी और 21 बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) के विद्यार्थी शामिल हैं। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण पदक और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11 रजत पदक से सम्मानित किया गया। ये सभी पदक राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रदान किए।

कुलाधिपति ने विद्यार्थियों को रोजगार सृजक बनने के लिए किया प्रेरित
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टी.आर.के. राव ने विद्यार्थियों और शोधार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की दिशा में लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के बदलते तकनीकी परिवेश में ज्ञान, कौशल, नवाचार और उद्यमशीलता का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से रोजगार सृजक बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार, नैतिक और संवेदनशील नागरिक बनने की अपील भी की।

राज्यपाल बोले- डिग्री मिलना जीवन के नए चरण की शुरुआत
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के विजिटर संतोष कुमार गंगवार ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि जीवन के एक नए चरण की शुरुआत है। इस चरण में जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता और समाज के प्रति योगदान का विशेष महत्व है। राज्यपाल ने झारखंड सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी और शैक्षणिक योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों को इन योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के माध्यम से अपना भविष्य मजबूत बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी सार्थक योगदान देना चाहिए। युवा पीढ़ी की प्रतिभा, सकारात्मक सोच और नवाचार देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कुलपति ने पेश की शैक्षणिक सत्र 2025-26 की रिपोर्ट
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की विश्वविद्यालय रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत विकास से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की शपथ भी ली। इस दौरान उन्होंने नैतिक आचरण, व्यावसायिक निष्ठा, प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान, गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टी.आर.के. राव, कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। इसके अलावा झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सारंग मेधेकर तथा सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) जेगनाथन चोकलिंगम सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी समारोह में शामिल हुए। विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की पूर्णता के साथ उनके नए व्यावसायिक और व्यक्तिगत जीवन की शुरुआत का प्रतीक बना। इक्फाई विश्वविद्यालय, झारखंड अपने आदर्श वाक्य “Grooming Professionals. With Values.” के अनुरूप ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों से युक्त सक्षम पेशेवरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दे सकें।
 

Tags - ICFAI ConvocationRanchi NewsJharkhand EducationGold MedalistsDegree Distribution