रांची
बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर कांग्रेस पार्टी राजधानी रांची में एक भव्य मानव श्रृंखला का आयोजन करने जा रही है। यह आयोजन 14 अप्रैल को अंबेडकर चौक से शुरू होकर स्वामी विवेकानंद चौक, देवेंद्र मांझी चौक होते हुए डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद चौक तक किया जाएगा। इस दौरान प्रतिभागी संविधान की प्रति अपने हाथों में लेकर खड़े होंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। आयोजन की तैयारी को लेकर 11 अप्रैल को एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें रांची महानगर, रांची ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश एवं जिला अग्रणी मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष, खिजरी, मांडर और कांके के विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, बोर्ड/निगम/आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, मीडिया विभाग समेत वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
सोनाल शांति ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी धीरे-धीरे संविधान के खिलाफ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों में संशोधन कर जनता को उनके मौलिक अधिकारों से वंचित करने की साज़िश रच रही है। संविधान को समाप्त कर लोकतांत्रिक व्यवस्था की जगह एकतरफा सत्ता थोपने की कोशिश की जा रही है, जिसका कांग्रेस डटकर विरोध करेगी। उन्होंने बताया कि दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ यह मानव श्रृंखला एक प्रतीकात्मक विरोध होगा।