द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजनीति में नई दिशा देने के संकल्प के साथ आजसू पार्टी ने उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक मधुबन, गिरिडीह में आयोजित की। इस बैठक में धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और चतरा जिलों के केंद्रीय समिति के पदाधिकारी, केंद्रीय सदस्य, जिला और नगर स्तर के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। बैठक में राज्य की राजनीतिक स्थिति, संगठन के विस्तार, आगामी चुनावी तैयारियां और जनसंपर्क अभियान पर गहन चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने की।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आजसू को झारखंड की जनता का चौकीदार बनकर खड़ा होना होगा और झारखंडी जनमानस के नेतृत्व को अपना लक्ष्य बनाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक मजबूत विपक्ष के रूप में उभरने के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को सरकार की घोषणाओं का मूल्यांकन करना चाहिए और देखना चाहिए कि ये जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी हो रही हैं। कार्यकर्ताओं का राजनीतिक रूप से परिपक्व होना पार्टी की प्रतिष्ठा के लिए जरूरी है।
बैठक में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, मांडू विधायक तिवारी महतो, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, और केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने भी विचार व्यक्त किए। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि झारखंड को सामूहिक सहमति से चलाया जाएगा और संगठन के विस्तार पर विशेष जोर दिया जाएगा। उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के सभी गांवों, विधानसभा क्षेत्रों और लोकसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत किया जाएगा।
इसके अलावा, नगर निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्रों में भी संगठन विस्तार पर जोर दिया गया। युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए “युवा संवाद” कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसमें सुदेश महतो हर जिले और प्रखंड में जाकर युवाओं से संवाद करेंगे। महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए भी विशेष कार्य योजना तैयार की जाएगी। बैठक में सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा की गई, जिससे संगठन के विस्तार को और अधिक मजबूत किया जा सके।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्य ने पार्टी को झारखंड के सबसे बड़े विपक्ष के रूप में मजबूती से खड़ा करने और झारखंड की जनता के हक और अधिकार के लिए अपनी लड़ाई को और प्रभावी बनाने के संकल्प को दोहराया।