द फॉलोअप डेस्क
कोविड-19 के बाद एक और वायरस के फैलने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, चीन में एक बार फिर से अस्पतालों में अफरा-तफरी और वायरस के फैलने की खबरें आ रही हैं। लेकिन यह स्थिति अभी अटकलों तक सीमित है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो यह संकेत दे रहे हैं कि ह्यूमन मेटाप्नेयूमोवायरस (HMPV) और अन्य वायरस जैसे इन्फ्लुएंजा ए, माइकोप्लाज्मा न्यूमोनिया, और कोविड-19 ने अस्पतालों और कब्रिस्तानों को भर दिया है। हालांकि, इस बारे में WHO और चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभी तक किसी नई महामारी के होने की पुष्टि नहीं की है और न ही किसी आपातकालीन अलर्ट की घोषणा की है।
WHO ने क्या कहा
HMPV एक वायरस है जो आमतौर पर सर्दी जैसे लक्षण पैदा करता है। लेकिन यह गंभीर सांस के रोग जैसे न्यूमोनिया और ब्रोकियोलाइटिस का कारण भी बन सकता है। यह वायरस कोविड-19 की तरह ही संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से फैलता है और संक्रमित सतहों को छूने से भी इसका संक्रमण हो सकता है। हालांकि वायरल वीडियो और दावों से डर पैदा हो सकता है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्थिति को अधिक गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वर्तमान में WHO और स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस संकट को नई महामारी के रूप में परिभाषित नहीं किया है।