logo

कोल्हान विश्वविद्यालय के अकाउंट से 1.58 करोड़ की अवैध निकासी मामले में महिला बैंककर्मी सहित 3 गिरफ्तार

kol0024.jpg

चाईबासा

कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के बैंक खाते से अज्ञात अपराधियों द्वारा 1,58,96,800 रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। कुलसचिव द्वारा मुफ्फसिल थाना, चाईबासा में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर मामला संख्या 25/2025, दिनांक 19 फरवरी 2025 को विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। इस दल का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान)  पारस राणा, सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) निखिल राय और सदर अंचल पुलिस उपाधीक्षक कर रहे हैं। अब इस मामले में एक महिला बैंककर्मी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार किये गये हैं। 


3 आरोपी गिरफ्तार, 14.80 लाख नकद बरामद
तकनीकी जांच और छापेमारी के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड के विभिन्न जिलों – रामगढ़, रांची एवं बोकारो में छानबीन की गई। इस कार्रवाई के दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 14.80 लाख रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन, 1 एटीएम कार्ड और 73 बैंक चेक बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में एक निजी बैंक का सहायक प्रबंधक और एक अन्य बैंक कर्मचारी भी शामिल हैं:
1.    धनंजय कुमार प्रजापति (35 वर्ष) – बोकारो निवासी
2.    संजय कुमार (35 वर्ष) – ESAF बैंक, कडरू शाखा, रांची के सहायक प्रबंधक
3.    अमृता शर्मा (26 वर्ष) – यस बैंक, चास शाखा, बोकारो की कर्मचारी


93 लाख रुपये किए गए डेबिट फ्रीज
तेजी से कार्रवाई करते हुए चाईबासा पुलिस ने विभिन्न बैंकों के सहयोग से अब तक 93 लाख रुपये डेबिट फ्रीज करवा लिए हैं। इस राशि को पीड़ित खाते में वापस करने की प्रक्रिया जारी है। अभी भी अन्य अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest