logo

POK, UCC और ED-CBI! बीजेपी को क्यों चाहिए लोकसभा की 400+ सीटें, हिमंता बिस्वा सरमा ने बता ही दिया

a760.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

भारतीय जनता पार्टी ने इस लोकसभा चुनाव में 400 पार सीटें जीतने का संकल्प किया है। चुनावी रैलियों में यही नारा दोहराया जाता है। विपक्ष आरोप लगाता है कि बीजेपी संविधान बदलने की खातिर लोकसभा में 400 से ज्यादा सीटें जीतना चाहती है। वह लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। इस बीच हजारीबाग संसदीय सीट पर बीजेपी प्रत्याशी मनीष जायसवाल के पक्ष में जनसभा करने पहुंचे असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बता दिया कि बीजेपी क्यों 400 से ज्यादा लोकसभा सीटें जीतना चाहती है। रजरप्पा में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद रांची में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी आखिर क्यों लोकसभा की 400 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करना चाहती है। 

पीओके को वापस भारत में लाना है मकसद
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि लोगों को इस बात से दिक्कत नहीं है कि हम 399 सीटें जीत लेंगे। 300 प्लस सीट हासिल करेंगे। या लोग इस पर भी सवाल नहीं पूछते कि आपको 370 सीटें आयेंगी। लोगों की शिकायत हमारे 400 प्लस सीट के संकल्प से है। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि पीओके की भारत में वापसी, वैश्विक अर्थव्यवस्था में अग्रणी होना, यूसीसी लागू करना कुछ ऐसे कारण हैं जिसकी वजह से हमें 400 से ज्यादा सीटें चाहिए। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि भारत में चुनाव केवल विकास के मुद्दे पर नहीं लड़ा जाता बल्कि अस्मिता के सवाल पर भी लड़ा जाता है। विभाजन के समय कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया। कांग्रेस भूल चुकी थी कि देश का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में है। किसी भी चुनाव में इसकी चर्चा नहीं होती थी।

उन्होंने कहा कि मुगलों और ब्रिटिशर्स ने हमारी मानसिकता ऐसी बना दी कि हम खोये हुए भूखंड को लेकर ऐसा सोचते हैं कि चलो गया तो गया लेकिन, प्रधानमंत्री इसमें विश्वास नहीं करते। उन्होंने कहा कि हम पीओके को वापस भारत में ला पाएं इसलिए 400 सीट चाहिए। ये हमारा संवैधानिक कर्तव्य और अधिकार भी है। 


बीजेपी का आइडिया ऑफ सेक्युलरिज्म क्या है
उन्होंने कहा कि हमारा देश धर्मनिरपेक्ष है लेकिन इसकी परिभाषा वैसी नहीं होगी जैसे यूरोपीय या अमेरिकी देशों में होता है। कांग्रेस के आइडिया ऑफ सेक्युलरिज्म पर भी हम यकीन नहीं करते। यहां किसी धर्म का पर्सनल लॉ नहीं हो सकता। देश में अधिकांश मुस्लिम शरिया कानून को मानते हैं। इसकी वजह से बाल विवाह और बहुविवाह जैसी कुप्रथा है। मुस्लिम बहनों और माताओं को पिता की संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता। हम यूनिफॉर्म सिविल कोड लाना चाहते हैं ताकि मुस्लिम समुदाय की महिलाओं को उनका हक मिले। उन्होंने कहा कि जिस संविधान को राहुल गांधी लेकर घूमते हैं उसी के नीति निदेशक सिद्धांतों में लिखा है कि पर्सनल लॉ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू करने के संवैधानिक अधिकारों को लागू करने के लिए हमें 400 प्लस सीट चाहिए। 

ईडी और सीबीआई को और मजबूत करना चाहती है बीजेपी
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि भ्रष्टाचार उन्मूलन प्रधानमंत्री का बड़ा मिशन है। अभी हाल ही में झारखंड में कांग्रेस कोटे के मंत्री के पीएस के नौकर के घर से 37 करोड़ रुपये से अधिक कैश मिला। इससे पहले झारखंड में ही कांग्रेस के राज्यसभा सांसद के ठिकानों से 300 करोड़ रुपये से अधिक कैश मिला था। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों को और मजबूत बनाने के लिए हमें 400 सीटें जीतना है। 

मथुरा और ज्ञानवापी पर पुराना कानून बदलना चाहती है
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में ऐसा कानून बना कि कृष्ण जन्मस्थान मथुरा और वाराणसी के कथित ज्ञानवापी मस्जिद के बारे में सिविल कोर्ट, हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट चर्चा नहीं कर सकते। ये कानून हमें हमारे भगवान का मंदिर बनाने से रोकता है। ऐसे में, उस कानून को निरस्त और निष्प्रभावी बनाने के लिए हमें 400 प्लस सीटें चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए इंडिया आइडिया होगा लेकिन हमारे लिए जननी जन्मभूमि है। उन्होंने कहा कि हम 400 प्लस सीट जीतेंगे ही। नवंबर में झारखंड में भी डबल इंजन की सरकार बनेगी। 

 

Tags - Himanta Biswa SaramaBJPUCCPOKLok Sabha Election 2024