logo

बाबूलाल मरांडी ने चुनाव आयोग से की मांग, हर मतदान केंद्र पर तैनात हो केंद्रीय बल

ुदीग3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में आगामी चुनाव को लेकर सियासत गर्म हो गई है। गिरिडीह में भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव दलगत आधार पर और ईवीएम मशीन के माध्यम से कराए जाने चाहिए थे। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय कई सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि पुराने समय में बैलेट पेपर से चुनाव में व्यापक गड़बड़ियां देखने को मिली थीं, इसलिए केवल ईवीएम प्रणाली पर ही भरोसा किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन की सरकार जानबूझकर ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से चुनाव करा रही है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठ सकते हैं। मरांडी ने आशंका जताई कि इस स्थिति में धांधली की संभावना बढ़ जाती है।


साथ ही उन्होंने झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग से अपील की कि सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव जरूरी है और सरकार को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा अपने समर्पित प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी।