जामताड़ा:
Jmatara News: जामताड़ा में भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बयानों को लेकर तीखा हमला बोला है। अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मिश्रा ने मंत्री के बयानों को देशविरोधी बताते हुए राज्यपाल को पत्र लिखकर उनके खिलाफ देशविरोधी गतिविधियों के तहत मामला दर्ज करने और जेल भेजने की मांग की है। हरिमोहन मिश्रा ने स्वास्थ्य मंत्री के उस बयान पर सवाल उठाए, जिसमें कथित तौर पर कहा गया था कि राहुल गांधी के इशारे पर 40 लाख युवा तैयार हैं। मिश्रा ने इस बयान को गंभीर बताते हुए कहा कि इससे कई सवाल खड़े होते हैं और इसके पीछे किन विदेशी ताकतों की भूमिका है, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

प्रधानमंत्री से माफी वाले बयान पर पलटवार
सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने संबंधी स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर भी भाजपा नेता ने प्रतिक्रिया दी। मिश्रा ने कहा कि इरफान अंसारी को पहले प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री को प्रधानमंत्री से माफी मांगने का प्रयास जरूर करना चाहिए, भले ही उन्हें माफी मिले या नहीं। भाजपा नेता ने स्वास्थ्य मंत्री पर आदिवासी हितों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले में आदिवासी युवक सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा रहे हैं, लेकिन खुद को आदिवासियों का हितैषी बताने वाले मंत्री उनकी सुरक्षा और समस्याओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आते। मिश्रा ने सरकार और प्रशासन से आदिवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की मांग की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला उपाध्यक्ष दिलीप हेंब्रम ने भी स्वास्थ्य मंत्री के बयानों की कड़ी निंदा की। मौके पर जिला मंत्री अनिता हांसदा, एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष उत्तम हेंब्रम समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।