logo

स्कूलों में खेल शिक्षकों के पद सृजित कर जल्द नियुक्ति की मांग, राज्यपाल से मिला BPED संघ

 स्कूलों में खेल शिक्षकों के पद सृजित कर जल्द नियुक्ति की मांग, राज्यपाल से मिला BPED संघ

रांची 

बीपीएड संघ झारखंड (BPED Association Jharkhand) ने राज्य के सभी मध्य विद्यालयों में एक-एक शारीरिक शिक्षक (Physical Education Teacher) का पद सृजित कर जल्द नियुक्ति करने की मांग की है। इस संबंध में संघ का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को लोकभवन (Lok Bhavan) में राज्यपाल संतोष गंगवार (Santosh Gangwar) से मिला। साथ ही विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा (Physical Education) को अनिवार्य विषय बनाने की मांग की। संघ के प्रदेश अध्यक्ष महिपाल महतो ने बताया कि झारखंड शिक्षक नियुक्ति नियमावली, 2012 के तहत मध्य विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान है, लेकिन अब तक शारीरिक शिक्षकों के पद सृजित नहीं किए गए हैं। वहीं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 में भी खेल और शारीरिक शिक्षा को पढ़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है।

खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं

उन्होंने कहा कि स्कूलों में खेल शिक्षकों की कमी के कारण खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इससे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास भी प्रभावित होता है। खेलकूद से बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है और मानसिक तनाव कम होता है। ऐसे में फिट इंडिया अभियान को सफल बनाने के लिए स्कूलों में खेल शिक्षकों की नियुक्ति जरूरी है। राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस विषय को राज्य सरकार के संज्ञान में लाएंगे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष महिपाल महतो, सचिव होपना सोरेन और रमेश कुमार शामिल थे।

Tags - Physical Education Teachers BPED Association Jharkhand Schools Teacher Recruitment Santosh Gangwar