logo

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की सास भारत में बनीं राज्यसभा सदस्य, राष्ट्रपति ने किया मनोनीत

sudha_murty.jpg

द फॉलोअप डेस्क
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की सास सुधा मूर्ति राज्यसभा सदस्य बनेंगी। राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए उन्हें नॉमिनेट किया है। इस बात की जानकारी पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी है। पीएम ने लिखा है मुझे खुशी है कि भारत के राष्ट्रपति ने सुधा मूर्ति को राज्यसभा में के लिए मनोनित किया है। सामाजिक कार्य, परोपकार और शिक्षा सहित विविध क्षेत्रों में सुधा मूर्ति का योगदान अतुलनीय और प्रेरणादायक रहा है। राज्यसभा में उनकी उपस्थिति हमारी ‘नारी शक्ति’ का एक शक्तिशाली प्रमाण है, जो हमारे देश की नियति को आकार देने में महिलाओं की ताकत और क्षमता का उदाहरण है। उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना करता हूं।


पद्म श्री और पद्म भूषण से हो चुकी है सम्मानित
गौरतलब है कि सुधा मूर्ति इंफोसिस फाउंडेशन की अध्यक्ष और समाजसेवी हैं।  इसके साथ ही उन्होंने कन्नड और अंग्रेजी साहित्य में भी योगदान दिया है। उन्होंने अलग-अलग शैलियों में 30 से अधिक किताबें लिखी है। उनकी किताबों का कई भाषाओं में अनुवाद किया गया है। उनकी कुछ प्रसिद्ध किताबों में द मदर आई नेवर न्यू, थ्री थाउजेंड स्टिचेस, द मैन फ्रॉम द एग और मैजिक ऑफ द लॉस्ट टेम्पल शामिल हैं। सुधा को साल 2006 में पद्म श्री 2013 में पद्म भूषण से सम्मानित किया जा चुका है। सुधा मूर्ति ने अपने पति नारायण मूर्ति के इंफोसिस कंपनी खोलने में काफी योगदान दिया है। सुधा मूर्ति ने नारायण मूर्ति को इंफोसिस की स्थापना के लिए दस हजार रुपये का कर्ज भी दिया था।

ब्राह्मण परिवार से आती हैं सुधा

सुधा मूर्ति का जन्म 19 अगस्त 1950 को कर्नाटक के हावेरी में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनके पिता आरएच कुलकर्णी सर्जन थे। उनकी मां विमला कुलकर्णी स्कूल टीचर थीं। माता-पिता और नाना-नानी ने उनकी परवरिश की।सुधा मूर्ति ने साल 1978 में नारायण मूर्ति से शादी की थी। इनके दो बच्चे- अक्षता मूर्ति और रोहन मूर्ति हैं। अक्षता मूर्ति ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की पत्नी हैं। रोहन मूर्ति अमेरिका बेस्ड सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट फर्म सोरोको (Soroco) के फाउंडर हैं।