logo

सीएम हेमंत सोरेन, अरविंद केजरीवाल व भगवंत सिंह मान कल मीडिया से होंगे रूबरू

01134.jpg

द फॉलोअप डेस्क
केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल विपक्ष को एकजुट करने में लगे हैं। इस क्रम में वे लगातार विपक्ष के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। गुरुवार (1 जून) को तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन से उनके आवास पर चेन्नई में केजरीवाल ने मुलाकात की। अब 2 जून को झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से उनके सरकारी आवास पर मिलेंगे।  बताया जा रहा है कि केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान भी आज रात 9.30 बजे रांची पहुंचेंगे। रात में होटल रेडिसन ब्लू में ठहरेंगे। कल शुक्रवार 2 जून को सीएम हेमंत सोरेन से दिन के करीब 12 बजे मिलेंगे। इसके बाद दिन के 2:00 बजे कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास परिसर में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करेंगे।

केजरीवाल ने खुद दी थी जानकारी
झारखंड आने की जानकारी दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने 31 मई को खुद जानकारी दी थी।
उन्होंने ट्वीट किया था कि परसों 2 जून को झारखंड के मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी से रांची में मुलाक़ात करुंगा। दिल्ली की जनता के खिलाफ मोदी सरकार द्वारा पारित अध्यादेश के खिलाफ उनका समर्थन मांगूंगा।

दोनों नेताओं के बीच कई बार हो चुकी है मुलाकात
अरविंद केजरीवाल अब तक ममता बनर्जी उद्धव ठाकरे, शरद पवार और सीताराम येचुरी से मिलकर समर्थन मांग चुके हैं। अब झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर समर्थन का आग्रह करेंगे। मालूम हो कि राज्य में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। हेमंत भाजपा और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर मुखर रहे हैं। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल  व हेमंत सोरेन के बीच गहरी मित्रता है। दोनों नेता पूर्व में कई बार मिल चुके हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N