logo

धनबाद के ओजोन गैलेरिया मॉल में गोली चलने से सीओ के भांजे घायल

ozone.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित ओजोन गैलेरिया मॉल के चौथे फ्लोर पर एक बार के पास स्थित जेंट्स वॉशरूम में गोली चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में नूतनडीह निवासी सुनील कुमार वर्णवाल घायल हो गए हैं, जो धनबाद के सीओ के भांजे हैं। यह घटना गुरुवार रात की है, जब गोली उनके पेट में लगी। गोली चलने की आवाज़ सुनकर मॉल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मॉल के सभी रास्तों को बंद कर दिया और 45 मिनट तक मॉल में मौजूद लोगों को अंदर ही रोक लिया। जांच पूरी होने के बाद उन्हें जाने की अनुमति दी गई।

चिकित्सकों के मुताबिक, सुनील कुमार खतरे से बाहर हैं। गोली चंदन सिंह की पिस्टल से चली, जो मनोरम नगर के एक बिल्डर हैं। घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम और सरायढेला थाना प्रभारी नूतन मोदी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच में पाया कि वॉशरूम और कॉफी हाउस के पास गलियारे में एक जिंदा गोली मिली, जबकि खून के छींटे नहीं मिले। पिस्टल को जब्त कर लिया गया है और पुलिस इसकी कानूनी स्थिति की जांच कर रही है।

डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि पिस्टल जमीन पर गिरने के कारण गोली चली। जख्मी सुनील कुमार और चंदन सिंह दोनों ने बयान में यही बात बताई है। घटना के बाद पुलिस ने कॉफी हाउस के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दिखा कि गोली चलने के बाद चंदन सिंह बाहर निकला और फिर अंदर जाकर जख्मी सुनील को बाहर लाया। सीसीटीवी फुटेज में चंदन सिंह के कमर में होलेस्टर बंधा हुआ था।