रांची
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं भंवर जितेंद्र सिंह, सुप्रिया श्रीनेत, काज़ी निजामुद्दीन, कनिष्क सिंह, देवेंद्र यादव, परेश धनानी, अजय शर्मा, आदेश रावल, प्रणव झा एवं मेघना पटेल ने आज दिल्ली से रांची पहुंचकर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर उनसे मुलाकात की और उनकी पुत्री तृषा सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि पुत्री को खोने का यह असहनीय दुख शब्दों से व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस कठिन और पीड़ादायक समय में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान माहौल अत्यंत भावुक रहा और कांग्रेस नेताओं ने परिवार को ढांढस बंधाया।

सड़क हादसे में हुई मौत
बता दें कि 23 सितंबर को देर रात जमशेदपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। इस समय परिवार के लोग पीड़ा की पराकाष्ठा से गुजर रहे हैं। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का गुरुवार को रांची में अंतिम संस्कार किया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को भी अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा विधायक नवीन जायसवाल और पूर्व विधायक अनंत ओझा समेत कई नेता भी शुक्रवार को दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने अपनी संवेदना व्यक्त की।
हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें