सोनारायठाढ़ी/देवघर:
प्रेमी फोन कॉल पर निर्देश देता रहा और नवविवाहिता ने कुल्हाड़ी से अपनी सास और देवर को काट डाला। देवघर पुलिस ने सोनारायठाढ़ी थानाक्षेत्र में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में यह सनसनीखेज खुलासा किया है। दिलचस्प है कि पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे बाद ही आरोपी बहू और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने जानकारी दी है कि 19 साल की शबाना खातून का इसी साल 26 अप्रैल को निकाह हुआ था, लेकिन उसका ससुराल में मन नहीं लगता था और वह अपने प्रेमी 20 वर्षीय इरशाद अंसारी के पास लौट जाना चाहती थी। प्रेमी ने उसे ससुराल वालों के कत्ल के आइडिया दिया, जिसका नतीजा यह खौफनाक वारदात है। एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने सिलसिलेवार ढंग से पूरी घटना को बयां किया है।
29-30 जून की दरमियानी रात हुई थी हत्या
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि 29-30 जून की दरमियानी रात सोनारायठाढ़ी गांव के नवाडीह गांव में दोहरा हत्याकांड हुआ। पुलिस को सुबह करीब 4 बजे इसकी सूचना मिली। जिले के एसपी प्रवीण पुष्कर खुद घटनास्थल पर पहुंचे, जिनके साथ मोहनपुर समेत आसपास के थानों की पुलिस टीम भी थी। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो पाया कि वहां एक अधेड़ महिला और किशोर की खून से लथपथ लाश पड़ी है। जांच टीम को छानबीन के दौरान किसी बाहरी शख्स के घर में प्रवेश का संकेत नहीं मिला।
जांच के दरम्यान पुलिस को नवविवाहिता शबनम खातून पर शक हुआ और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और इसमें प्रेमी के भी शामिल होने की जानकारी दी।

ससुराल में नहीं लगता था शबनम का मन
पुलिस के मुताबिक शबनम खातून का मन ससुराल में नहीं लगता था। वह अक्सर फोन पर प्रेमी इरशाद अंसारी से बातचीत करती थी और बताती थी कि सास उसे प्रताड़ित करती है। पति मारपीट करता था। इसी दौरान एक दिन प्रेमी ने उसे ससुराल वालों की हत्या करने का आइडिया दिया। पहले जहर देकर पूरे परिवार को खत्म करने की बात हुई थी, लेकिन प्लान किसी वजह से फेल हो गया। 29 जून की रात को इरशाद अंसारी ने शबनम से कहा था कि वो दीवार फांदकर उसके घर में दाखिल होगा और हत्याकांड को अंजाम देगा।
एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि, हालांकि उस रात बारिश होने की वजह से प्रेमी घर नहीं आ सका और उसने फोन पर ही शबनम को गाइड किया। प्रेमी के बताए प्लान के मुताबिक शबनम में घर पर पड़ी कुल्हाड़ी उठाई और सास जुबेदा के अलावा नाबालिग देवर की गर्दन और चेहरे पर वारकर निर्ममता से हत्या कर दी।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी-हथौड़ा जब्त किया
गौरतलब है कि ऊपरनवाडीह गांव निवासी शबनम खातून का पालाजोरी थानाक्षेत्र अंतर्गत पारो गांव निवासी इरशाद अंसारी से प्रेम-संबंध था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, हथौड़ा, ब्लड सैंपल, आरोपियों के खून लगे कपड़े और फॉरेंसिक जांच से जुड़े अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।