logo

जामताड़ा में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, 21 चालकों का लाइसेंस निलंबित

gfkyuv.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी रवि आनंद (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, वाहन जांच अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनुपालन, ट्रिपल राइडिंग पर रोक तथा हिट एंड रन मामलों के निष्पादन सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में व्यापक जागरूकता फैलाने और नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना नंबर प्लेट, अनफिट वाहन और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर “नो हेलमेट नो पेट्रोल” नियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस, डीटीओ और एमवीआई द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान फरवरी माह में कुल 445 वाहनों की जांच की गई। इसमें नियम उल्लंघन करने वाले 64 वाहनों से 10,48,050 रुपये का ऑनलाइन चालान किया गया। इसके अलावा ट्रिपल राइडिंग के 7 और बिना हेलमेट वाहन चलाने के 14 मामलों में कुल 21 दोपहिया चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। बैठक में हिट एंड रन से जुड़े 32 लंबित मामलों पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और सभी मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों की जानकारी आईआरएडी पोर्टल पर समय पर अपडेट करने को कहा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि गोविंदपुर-साहेबगंज, मिहिजाम-जामताड़ा-दुमका तथा नाला-दुमका मार्ग के लाइन होटलों और ढाबों में उत्पाद विभाग द्वारा छापेमारी कर 9 स्थानों से अवैध शराब बरामद की गई और अभियोजन दर्ज किया गया। उपायुक्त ने इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यकतानुसार सुरक्षा साइनेज और स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही साइनेज चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा। बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, एसडीओ अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. ए.पी.एन. देव, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, एमवीआई बरकत अंसारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

Tags - Jamtara road safety meeting Vehicle inspection campaign India Road accident prevention Jamtara Helmet and seat belt compliance Triple riding ban India Hit-and-run case updates No helmet no petrol rule Traffic rule enforcement India Driving license