logo

हिंदपीढी में छतों पर ईंट-पत्थर मिलने को लेकर न फैलायें अफवाह, इसमें सभी समुदाय के लोग- CM चंपाई सोरेन

champai195.jpg

रांची 

रांची के हिंदपीढी, लेक रोड और मेन रोड के कुछ घरों की छत पर पिछले दिनों ईंट और पत्थर देखे गये थे। इसे लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहों और चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब सीएम चंपाई सोरेन ने इस पर बयान जारी किया है। एक्स पर एक पोस्ट जारी कर सीएम चंपाई सोरेन ने कहा है कि छत पर ईंट-पत्थर मिलने को लेकर अफवाह न फैलायें। कहा कि जिन घरों की छत पर ये सामग्री मिली है, उनके मालिक अलग-अलग समुदायों से आते हैं। सीएम ने कहा कि इसे लेकर कुछ मीडिया संस्थान भ्रामक खबर चला रहे हैं, इसे रोका जाना चाहिये। 

क्या कहा सीएम ने 

सीएम ने जारी बयान में कहा, कल से कुछ सोशल मीडिया हैंडल द्वारा रांची की हिंदपीढ़ी में कुछ घरों के पर ईंट, पत्थर आदि होने को लेकर भ्रामक खबरें चलाई जा रही हैं। रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रूटीन चेक के दौरान 10-11 घरों की छतों पर निर्माण सामग्री मिली थी, जिसे हटवा दिया गया है। इनमें से कुछ घर हाल में बने हैं, जबकि कुछ अभी भी निर्माणाधीन हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन घरों के मालिक विभिन्न समुदायों से आते हैं। ऐसी अफवाहों पर ध्यान ना दें। झारखंड पुलिस को ऐसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ न्यायोचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

क्या है मामला 

बता दें कि रामनवमी जुलूस के दौरान किसी तरह का विवाद न हो, पत्थरबाजी नहीं हो, इसलिए जुलूस वाले मार्ग के सभी मकानों की जिला प्रशासन द्वारा 15 अप्रैल को जांच की गयी थी। इस दौरान लेक रोड, हिंडपीढ़ी और मेन रोड में कुछ घरों की छतों पर ईंट और पत्थर देखे गये थे। जिला प्रशासन द्वारा इसे तत्काल हटाने का आदेश दिया गया। वहीं, ये भी कहा गया कि जुलूस के बाद इन घरों की छत को फिर से देखा जायेगा। इस रिपोर्ट के बाद तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं और कयासों का बाजार गर्म होने लगा। इसे लेकर सीएम चंपाई ने आज पोस्ट जारी किया है। 

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -                    

https://chatwhatsappcom/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn

Tags - Champai SorenCMRamnawmijharkhnad