logo

मेकॉन सिमरटोली फ्लाईओवर के लिए चाहिये डोरंडा मुख्य डाकघर की जमीन- CM चंपाई सोरेन ने ये हल निकाला   

cm131.jpg

रांची 

सीएम चंपाई सोरेन के साथ आज हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव, पथ निर्माण विभाग ने जानकारी जानकारी दी कि मेकॉन से सिमरटोली तक बनने वाले फ्लाईओवर के लिए डोरंडा मुख्य डाकघर की जमीन चाहिये। कहा कि फ्लाईओवर के लिए डाकघर की 4 डिस्मिल जमीन की जरूरत पड़ेगी। इस पर सीएम चंपाई ने मास्टर जनरल एवं राज्य सरकार के अधिकारियों से कहा कि डाक विभाग और पथ निर्माण विभाग आपसी समन्वय बनाकर इस समस्या का समाधान करेंगे। हालांकि सचिव ने ये जानकारी भी दी कि पोस्ट मास्टर जनरल के साथ वार्ता हुई है। डाक विभाग को 4 डिसमिल जमीन देने के बदले उनको दूसरे स्थान पर जमीन देने का प्रस्ताव दिया गया है। इस पर सीएम ने कहा कि इस कार्य में तेजी लायें क्योंकि रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए ये फ्लाईओवर अति आवश्यक है।  

फ्लाईओवर निर्माण  2024 के अंत तक पूरा करने का निर्देश 

बता दें कि सीएम चंपाई सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में फ्लाई ओवर ब्रिज, रांची और अन्य शहरों की ट्रैफिक व्यवस्था से संबंधित बैठक की। इस संबंध में हो रहे कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में सीएम सोरेन ने सिरमटोली से मेकॉन तक फ्लाईओवर निर्माण कार्य सितंबर माह 2024 के अंत तक पूरा कर लेने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि सिरमटोली फ्लाईओवर रांची शहर की ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने का एक बेहतर विकल्प है। इस फ्लाईओवर निर्माण कार्य में किसी प्रकार से विलंब नही होना चाहिए। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि रांची शहर वासियों को जल्द से जल्द ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलायी जाए। सीएम ने कहा कि पूरे राज्य में यातायात नियंत्रण हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

पावर पॉइंट से दिया गया प्रजेंटेशन 
सीएम चंपाई सोरेन के समक्ष पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सिरमटोली से मेकॉन तक बनने वाले फ्लाईओवर के कार्य प्रगति की जानकारी दी। सुनील कुमार ने सीएम को बताया कि इस फ्लाईओवर निर्माण के दौरान 2 स्थान पर केबुल स्टे पुल बनना है। इसके लिए रेलवे से सहयोग मांगा गया है। केबुल स्टे पुल बनने वाले 2 स्थानों को छोड़कर लगभग सभी कार्य पूरे हो चुके हैं। केबुल स्टे पुल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके इसके लिए रांची रेल मंडल के डीआरएम ने सहयोग देने की बात कही है। रेलवे विभाग से निर्देश प्राप्त होते ही अतिरिक्त मानवबल लगाकर केबुल स्टे पुल निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। मौके पर रांची रेल मंडल के डीआरएम  जसमीत सिंह बिंद्रा ने सीएम को बताया कि राज्य सरकार एवं रांची रेल मंडल द्वारा आपसी समन्वय स्थापित कर जिन 2 जगहों पर केबुल स्टे पुल बनाया जाना है, वहां निर्माण कार्य सितंबर माह तक पूर्ण हो सके इसके प्रयास किये जा रहे हैं। जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो सकेगा। 

बैठक में ये लोग थे मौजूद 
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव एल खियांग्ते, सीएम के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, सीएम के सचिव अरवा राजकमल, डीआरएम रांची रेल मंडल  जसमीत सिंह बिंद्रा, सहायक डाक महा अध्यक्ष रूपक कुमार सिन्हा, सीई, सीडीओ, आरसीडी केके लाल, मुख्य अभियंता यातायात मनोहर कुमार सहित पथ निर्माण विभाग के अन्य पदाधिकारी और  एलएंडटी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Tags - Champai SorenDoranda post officeflyoverJharkhand News